रुक नहीं रहा अवैध उठाव

कार्रवाई . एक सप्ताह में बालू लदे आधा दर्जन वाहन जब्त एक सप्ताह में जिले के दो वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने बालू के अवैध उत्खनन पर रोक को लेकर चलाये गये अभियान में आधा दर्जन से अधिक बालू लदे वाहन को जब्त करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन बालू का अवैध उठाव […]
कार्रवाई . एक सप्ताह में बालू लदे आधा दर्जन वाहन जब्त
एक सप्ताह में जिले के दो वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने बालू के अवैध उत्खनन पर रोक को लेकर चलाये गये अभियान में आधा दर्जन से अधिक बालू लदे वाहन को जब्त करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है लेकिन बालू का अवैध उठाव जारी है. जानकारों की मानें तो स्थानीय अधिकारियों से शिथिलता से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं.
लखीसराय : जिले के किऊल नदी से बालू उठाव के लिए टेंडर होने के बावजूद संवदेक एजेंसी द्वारा कागजी खानापूर्ति में की जा रही देरी की वजह से विगत एक साल से किऊल नदी में प्रशासनिक तौर पर बालू उठाव पर रोक लगा हुआ है़ जिसका फायदा यहां के बालू माफिया अवैध रूप से बालू उत्खनन कर उठा रहे हैं और प्रतिदिन जिले के किऊल नदी के विभिन्न क्षेत्रों से बालू उत्खनन कर सैकड़ों ट्रैक्टर व ट्रकों के माध्यम से तस्करी की जा रही है़ जिससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है़
ऐसा नहीं है कि इस संबंध में प्रशासन के पदाधिकारियों समेत पुलिस पदाधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस के द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की वजह से इस पर लगाम नहीं लगाया जा सका है़ क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चा आम है कि जब किसी अपराधी की खोज में पुलिस लगती है तो उसे कहीं से भी खोज निकाल पकड़ने का काम करती है और उसके क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों बालू लदे वाहनों के निकलने पर उसे जानकारी नहीं होना यह आश्चर्य की ही बात है़
थाना पुलिस नहीं करती है समुचित कार्रवाई
क्षेत्र के लोगों के अनुसार बालू माफियाओं के द्वारा प्रति गाड़ी एक निश्चित रकम मासिक चढ़ावे के रूप में दिये जाने के बाद ही कोई गाड़ी थाना क्षेत्र से निकलती है जिस वजह से इनके खिलाफ समुचित कार्रवाई थाना पुलिस द्वारा नहीं की जाती है़
विगत महीने भागलपुर क्षेत्र के आइजी सुशील कुमार खोपड़े के द्वारा इस दिशा में सख्ती बरते जाने के बाद एसपी अशोक कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ किये गये अपराध गोष्ठी में जिले के डीएसपी रैंक के प्रत्येक पदाधिकारियों को सप्ताह में दो दिन इस दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया था़ जिसके बाद एसडीपीओ पंकज कुमार एवं एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय के द्वारा विगत एक सप्ताह से लगातार इस दिशा में कार्रवाई कर लगभग एक दर्जन बालू लदे वाहनों को जब्त किया गया़ जिस वजह से संबंधित थाना पुलिस के कनीय पदाधिकारी अपनी नाक-भौं सिकोड़ने लगे हैं. वहीं बालू माफियाओं में भी हड़कंप मचा हुआ है़
सूत्रों की मानें तो बालू माफियाओं द्वारा इन दोनों पदाधिकारियों को प्रलोभन देने की कोशिशें भी शुरू हो गयी है, लेकिन दोनों पदाधिकारी अपने अभियान में और तेजी लाने की बातें कह बालू माफियाओं के मंसूबे पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं. सिर्फ गुरुवार एवं शुक्रवार की बात की जाय तो एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय के द्वारा ही कुल नौ बालू लदे वाहनों के साथ एक वाहन मालिक को गिरफ्तार किया गया है़ जिससे बालू माफियाओं की बेचैनी बढ़ गयी है़
कहते हैं पदाधिकारी
एएसपी पवन कुमार उपाध्याय ने कहा कि वे अपने नियमानुसार बालू माफियाओं पर सिकंजा कसने का काम कर रहे हैं. इसके साथ ही वे लोग पब्लिक की सूचनाओं के आधार पर भी छापेमारी कर रहे हैं. अधिकारी द्वय ने कहा कि अवैध बालू उत्खनन से सरकारी राजस्व की भी हानी हो रही है़ लेकिन इसके लिए एक वृहत अभियान की जरूरत है़ उन्होंने कहा कि पुलिस हर सूचनाओं पर कार्रवाई करने के लिए कटिबद्ध है. लोग आगे बढ़कर इसकी सूचना दें उनकी गोपनीयता रखते हुए कार्रवाई की जायेगी़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




