दहशत के साये में चंपानगर के ग्रामीण
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :22 Feb 2017 5:50 AM (IST)
विज्ञापन

दुखद स्थिति . प्रशासन की ओर से क्षेत्र में कोई थाना या कैंप की व्यवस्था नहीं सुनील यादव हत्या के बाद से गांव में दहशत का माहौल है. लोग नक्सलियों के बारे में कुछ भी बोलने से कतराते हैं. कजरा : कजरा थाना क्षेत्र के बुधौली बनकर पंचायत अंतर्गत चंपानगर गांव में सोमवार की देर […]
विज्ञापन
दुखद स्थिति . प्रशासन की ओर से क्षेत्र में कोई थाना या कैंप की व्यवस्था नहीं
सुनील यादव हत्या के बाद से गांव में दहशत का माहौल है. लोग नक्सलियों के बारे में कुछ भी बोलने से कतराते हैं.
कजरा : कजरा थाना क्षेत्र के बुधौली बनकर पंचायत अंतर्गत चंपानगर गांव में सोमवार की देर रात पंचायत के उपमुखिया गीता देवी के पति की नक्सलियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर देने के बाद से चंपानगर गांव सहित आसपास के गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है़ ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से उनलोगों की सुरक्षा के लिए न तो थाना पुलिस की व्यवस्था है और न ही कोई कैंप दिया गया है, जबकि पूरा क्षेत्र नक्सल प्रभावित है. पहाड़ के किनारे बसे होने की वजह से उनलोगों को अन्य प्रशासनिक सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है़ इसके साथ ही हमेशा नक्सलियों के खौफ के साये में जीना पड़ता है़ उनलोगों की मदद करने वाला भी कोई नहीं है़
घटना होती है तो पुलिस घटना के बाद आती है. दिन हो तो थोड़ा जल्दी भी आ जाये अगर रात को हुई तो परेशानियों के बावजूद रतजगा करने को मजबूर होना पड़ता है़
ग्रामीणों ने पुलिस को गांव में घुसने से रोका : वहीं घटना की सूचना मिलने पर जब कजरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार अपने दलबल के साथ पहुंचे तो उन्हें पहले ग्रामीणों के आक्रोश को झेलना पड़ा. पुलिस को गांव के शुरू में ही रोक लिया गया और घटना स्थल तक जाने नहीं दिया गया. इसके बाद एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय भी सीआरपीएफ के साथ पहुंचे, लेकिन ग्रामीण उन्हें भी रोकने का काम किया़ काफी मान मनौवल के बावजूद आक्रोशित ग्रामीण पुलिस प्रशासन के लोगों को गांव में घुसने नहीं दे रहे थे़
लगभग दिन के 11 बजे एसडीपीओ पंकज कुमार द्वारा मृतक सुनील यादव के जमुई में शिक्षक के पद पर पदस्थापित भाई पारस यादव को किऊल स्टेशन से लेकर चंपानगर गांव पहुंचे, जिसके बाद मृतक के भाई के द्वारा ग्रामीणों को काफी मुश्किल से समझाने के बाद पुलिस गांव में प्रवेश कर शव को अपने कब्जे में लिया़
ग्रामीण कर रहे थे सुरक्षा की मांग : इस दौरान ग्रामीण पुलिस पदाधिकारियों से गांव में कैंप की व्यवस्था कर उनलोगों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठा रहे थे़ ग्रामीणों के अनुसार कल फिर नक्सली किसी और को अपना निशाना बना सकते हैं. ग्रामीणों का कहना था कि नक्सलियों द्वारा छोड़े गये परचे में उपमुखिया गीता देवी का भी नाम है. अब सुनील के पीछे उसकी पत्नी व बच्चे की सुरक्षा कौन करेगा़ उसके तीन पुत्र और दो पुत्री हैं.
घटना के पीछे चुनावी रंजिश की भी आशंका : नक्सलियों द्वारा सुनील यादव की हत्या करने के अलावा इस घटना के पीछे कुछ लोग चुनावी रंजिश की भी बातें कर रहे थे़ गांव के ही कुछ लोगों के अनुसार गीता देवी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी को नक्सलियों का समर्थन प्राप्त था़ उसके हार के बाद से ही गांव में अनहोनी की आशंका बनी हुई थी़
कजरा क्षेत्र में नक्सली घटना क्रम एक नजर में
03 जनवरी 2005 को कजरा रेलवे स्टेशन पर बीएमपी जवान पर हमला कर पांच एसएलआर व गोली लूटी़
04 अगस्त 2006 बुधौली बुनकर पंचायत के तत्कालीन मुखिया साधु शरण यादव सहित तीन की हत्या.
26 जनवरी 2006 उरैन स्टेशन पर स्टेशन कर्मी व वहां खड़ी पैसेंजर ट्रेन को नक्सलियों ने तीन घंटे बंधक बना कर रखा.
26 जनवरी 2007 खैरा गांव के पुलिस पिकेट पर हमला कर नक्सलियों ने की बीएमपी के चार जवानों की हत्या.
12 दिसंबर 2007 उरैन के समीप रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त किया.
21 दिसंबर 2007 कजरा थाना क्षेत्र के खैरा गांव में किसान भोला साव का अपहरण कर नक्सलियों ने हत्या कर दी़
22 मई 2008 मसूदन रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल पर रेल ट्रैक उड़ाया.
13 जून 2008 कजरा थाना क्षेत्र के शीतला कोड़ासी में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में तनिक कोड़ा व टुनटुन कोड़ा की हत्या कर दी़
11 जुलाई 2008 घोघी बरियारपुर हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त किया़
25 दिसंबर 2008 घोघी बरियारपुर हॉल्ट के समीप जनसेवा एक्सप्रेस में हमला कर दो आरपीएफ जवान की हत्या कर दी.
16 मार्च 2009 कजरा थाना क्षेत्र के खैरा गांव में तीन की हत्या.
07 जनवरी 2010 मसूदन में रेलवे ट्रैक उड़ाया.
29 अगस्त 2010 कजरा थाना क्षेत्र के राजघाट के समीप मुठभेड़ में कवैया एसएचओ भूलन यादव सहित सात बीएमपी जवान शहीद़ एक अन्य जवान लुकस टेटे की अगवा कर दो दिन बाद हत्या.
10 फरवरी 2013 कजरा बन्नुबगीचा पथ से छह ट्रैक्टर अगवा.
03 अगस्त 2013 शिवडीह गांव के समीप सड़क निर्माण में लगे संवेदक के बोलेरो को आग के हवाले कर मुंशी व चालक को अगवा कर लिया.
09 व 18 अप्रैल 2014 बम विस्फोट कर उवि नरोत्तमपुर कजरा का भवन उड़ाया़
06 जून 2014 उरैन गांव में चौकीदार मोइन खां की हत्या.
02 अक्तूबर 2014 दुर्गा पूजा मेला के दौरान चौकीदार अर्जुन मंडल की हत्या.
जुलाई 2015 पीरी बाजार थाना क्षेत्र के प्रावि बचला टोला के समीप दो युवक भकुड़ी कोड़ा व लक्ष्मण कोड़ा की हत्या.
10 अगस्त 2016 कजरा थाना क्षेत्र के घोघरघाटी के समीप नक्सली मुठभेड़ एसटीएफ चीता के जवान 32 वर्षीय अजय मंडल शहीद.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




