चार वर्ष पहले करायी थी घोड़े की शादी, करंट लगने से हुई मौत

चार वर्ष पहले करायी थी घोड़े की शादी, करंट लगने से हुई मौत
सूर्यगढ़ा. पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव में एक पालतू घोड़े की करंट लगने से मौत हो जाने से परिवार में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल 2026 की सुबह खेत में पटवन के लिए बिछाये गये विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से घोड़े की मौके पर ही मौत हो गयी. बताया जाता है कि यह घोड़ा रामचंद्रपुर निवासी आरपीएफ जवान अनुराग कुमार का था. उसकी उम्र करीब आठ वर्ष थी. वह बचपन से ही उनके पास पल रहा था. आरपीएफ जवान अनुराग ने बताया कि जिस समय उनका घोड़ा पवन विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आया वे खुद उस पर सवार थे. वे बाल बाल बच गये. खेत में पानी था, उसमें से होकर गुजरे विद्युत प्रवाहित तार की वजह से किसी तरह करंट प्रवाहित हो रहा था. जिसकी चपेट में घोड़ा पवन आ गया. अनुराग कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 में 28 मई को उसके घोड़े ‘पवन’ की शादी खगड़िया जिले के परबत्ता नया गांव से रामचंद्रपुर गांव में लायी गयी घोड़ी बसंती’ के साथ पूरे रीति-रिवाज से करायी गयी थी. बसंती रामचंद्रपुर गांव के ही एक व्यक्ति को उपहार स्वरूप उसके ससुराल से मिली थी. पवन एवं बसंती अक्सर साथ रहते थे. उनके बीच लगाव को देखते हुए काफी धूमधाम से उनकी शादी करायी गयी थी. परिवार के सदस्यों के अनुसार घोड़ा पवन उनके लिए किसी सदस्य से कम नहीं था. उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. घटना के बाद परिजनों ने पूरे विधि-विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया. मृतक घोड़ा पवन को गंगा तट किनारे मिट्टी में दफन किया गया. गांव में भी इस घटना को लेकर संवेदना व्यक्त की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Murarai Sinha Sinha
Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




