गोदाम से गरीबों की थाली तक पहुंचने से पहले लुट रहा सरकारी अनाज? राशन माफियाओं के नेटवर्क पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन
रास्ते पर ट्रक से राशन उतारते हुए लोग। | Prabhat Khabar Network

रास्ते पर ट्रक से राशन उतारते हुए लोग। | Prabhat Khabar Network

किशनगंज में सरकारी खाद्यान्न की कथित चोरी और कालाबाजारी का मामला गरमाया हुआ है. स्थानीय लोगों के आरोप हैं कि ट्रकों से अनाज उतारकर कालाबाजारी की जा रही है. इस नेटवर्क के खुलासे और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन

Kishanganj PDS Scam: किशनगंज. किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क पर सरकारी खाद्यान्न की कथित चोरी और कालाबाजारी का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि टेंगरमारी स्थित इंडियन पेट्रोल पंप से लेकर ठाकुरगंज तक कई स्थानों पर सरकारी अनाज से लदे ट्रक और ट्रैक्टरों को रोककर खाद्यान्न के बोरे उतार लिए जाते हैं. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

कई चौकों को बताया जा रहा है संवेदनशील

स्थानीय लोगों के अनुसार पिपलाचौक, गाछपारा चौक, टावर चौक, सालकी चौक और बेलवा चौक ऐसे स्थान हैं, जहां कथित रूप से सरकारी अनाज से लदे वाहनों को रोककर बोरे उतारे जाते हैं. आरोप है कि इसके बाद अनाज को दूसरे बोरों में भरकर कुछ ही मिनटों में वहां से हटा दिया जाता है.

सूचना तंत्र के जरिए संचालित होने का आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि इस पूरे कथित नेटवर्क के लिए एक सूचना तंत्र भी सक्रिय है. आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार कुछ लोग अलग-अलग स्थानों पर नजर रखते हैं और जैसे ही सरकारी खाद्यान्न से लदा वाहन गुजरता है, उसकी सूचना आगे पहुंचा दी जाती है. इसके बाद तय स्थान पर वाहन रोककर कथित रूप से खाद्यान्न उतार लिया जाता है.

प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुख्य सड़क, पेट्रोल पंप और व्यस्त चौकों पर इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं तो पुलिस, आपूर्ति विभाग और स्थानीय प्रशासन को प्रभावी निगरानी करनी चाहिए. लोगों ने सवाल उठाया कि सरकारी राशन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक ठोस रणनीति क्यों नहीं बनाई गई.

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे आरोप

स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले पोठिया प्रखंड क्षेत्र में भी सरकारी खाद्यान्न से लदे वाहनों से बोरे उतारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. उस समय जांच और कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन लोगों का आरोप है कि स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ.

सख्त कार्रवाई और निगरानी की मांग

Kishanganj PDS Scam: ग्रामीणों और सामाजिक लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मार्ग पर विशेष निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे लगाने और मोबाइल पेट्रोलिंग शुरू करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है.


विज्ञापन
मुकेश कुमार

लेखक के बारे में

By मुकेश कुमार

मुकेश कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. किशनगंज प्रखंड क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन