दो महीने में ही उखड़ने लगी पीसीसी रोड की ऊपरी परत

Published by : RAVIKANT SINGH Updated At : 23 May 2026 9:39 PM

विज्ञापन

दो महीने में ही उखड़ने लगी पीसीसी रोड की ऊपरी परत

विज्ञापन

जदयू नेता डॉ नजीरुल इस्लाम ने प्रभारी मंत्री से की शिकायत, घटिया निर्माण व जलजमाव की निष्पक्ष जांच की मांग

बहादुरगंज. नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत बुडको द्वारा निर्मित पीसीसी सड़क अपनी पूर्णता के महज दो महीने के भीतर ही बदहाली का शिकार होने लगी है. सड़क की ऊपरी परत से जगह-जगह चिप्स और सीमेंट उखड़ना शुरू हो चुका है. बहादुरगंज-दिघलबैंक मुख्य मार्ग के बाद, मुख्य शहर की दूसरी सबसे व्यस्त नवनिर्मित सड़क ”थाना रोड” का यह हाल है. यह महत्वपूर्ण सड़क झांसी की रानी चौक से थाना एवं रसल हाई स्कूल होते हुए शिवमंदिर (ब्लॉक) चौक तक जाती है. इस बीच, कार्ययोजना के तौर-तरीकों और निर्माण में इस्तेमाल की गई घटिया सामग्री पर अब सवाल उठने लगे हैं.

दिन-प्रतिदिन नवनिर्मित सड़क की दयनीय स्थिति को देखकर शहर के लोगों में भारी आक्रोश है. इसी क्रम में, लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए जदयू नेता डॉ. नजीरुल इस्लाम ने मामले की लिखित शिकायत राज्य सरकार के ऊर्जा मंत्री सह किशनगंज के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को उनके जिला आगमन पर सौंपी है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संलिप्त दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

मानकों की अनदेखी व लापरवाही का लगाया आरोप

डॉ. इस्लाम ने अपनी शिकायत में कहा है कि बुडको की इस महत्वपूर्ण कार्ययोजना में निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को अंजाम नहीं दिया गया है. निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरती गयी है. पीसीसी सड़क के दोनों किनारों पर अब तक किया गया अस्त-व्यस्त मिट्टीकरण का कार्य भी समझ से परे है.

फ्लॉप साबित हो रहा है नवनिर्मित नाला

इतना ही नहीं, सड़क के किनारे बनाया गया पीसीसी नाला भी जनहित में पूरी तरह व्यर्थ साबित हो रहा है. तकनीकी लापरवाही के कारण निर्मित इस नाले में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है. यही वजह है कि मामूली सी बारिश होते ही इस व्यस्त सड़क पर जहां-तहां भारी जलजमाव का नजारा देखने को मिलता है. यह स्थिति इस नवनिर्मित पीसीसी सड़क के भविष्य पर गंभीर सवालिया निशान लगा रही है.

विज्ञापन
RAVIKANT SINGH

लेखक के बारे में

By RAVIKANT SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन