देवरी खास-रहमतपुर सड़क ध्वस्त. दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, 15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर को मजबूर लोग
ध्वस्त जर्जर सड़क
किशनगंज के टेढ़ागाछ में सड़क और पुल की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल्द आरसीसी पुल निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग की है।
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड की चिल्हनियां पंचायत स्थित देवरी खास से रहमतपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर पुल के समीप सड़क ध्वस्त होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. लगातार बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है.
आपके शहर में
राहगीरों और स्कूली बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
सड़क टूटने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. दुर्घटना की आशंका के बीच लोग जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं.
दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित
स्थानीय ग्रामीण भीम प्रसाद सिंह, शिवानंद मंडल, भोला साह, भारत लाल सिंह, नंदकुमार, राहुल कुमार सिंह और पूर्व सरपंच दीपलाल माझी ने बताया कि यह मार्ग तेघरिया, आमबाड़ी, रहमतपुर, बैगना, बालूटोला, रुपनी, हरिभाषा और दुर्गापुर सहित दर्जनों गांवों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से जोड़ता है.
15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने की मजबूरी
ग्रामीणों के अनुसार सड़क ध्वस्त होने के कारण लोगों को जिला और प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे समय के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है.
डायवर्सन और आरसीसी पुल की मांग
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से तत्काल अस्थायी डायवर्सन बनाकर आवागमन बहाल करने की मांग की है. साथ ही वर्षों से लंबित आरसीसी पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की भी मांग उठाई है. उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया.
दो दिन में बनेगा अस्थायी डायवर्सन
इस संबंध में कनीय अभियंता रणधीर कुमार ने बताया कि दो दिनों के भीतर अस्थायी डायवर्सन का निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों की आवाजाही फिर से सुचारु हो सके. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान केवल आरसीसी पुल निर्माण से ही संभव है.
प्रमुख बातें
- देवरी खास-रहमतपुर मुख्य सड़क पुल के पास ध्वस्त.
- दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित.
- लोगों को 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही.
- ग्रामीणों ने अस्थायी डायवर्सन और आरसीसी पुल निर्माण की मांग की.
- विभाग ने दो दिनों में डायवर्सन बनाने का आश्वासन दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए