ठाकुरगंज विधायक ने सड़क व चाहरदिवारी निर्माण की विधान सभा में उठायी मांग

विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को पुरजोर तरीके से सदन के पटल पर रख रहे हैं
पौआखाली बिहार विधानसभा सत्र के दौरान ठाकुरगंज के जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को पुरजोर तरीके से सदन के पटल पर रख रहे हैं. उन्होंने बुधवार को ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए पौआखाली नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण सड़क मार्ग के सुदृढ़ीकरण और सरकारी विद्यालय को चहारदीवारी से घेरकर उसे सुरक्षित करने की मांग रखी है. दरअसल विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सदन को सूचित करते हुए कहा कि जनहित में ठाकुरगंज प्रखंड के नगर पंचायत पौआखाली में एनएच-327ई पेटभरी शिव मंदिर चौक स्थित पद्दो सिन्हा के घर से सतगोप टोला पेटभरी होते हुए ऐनुल खान के घर से गुल मोहम्मद के घर तक जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए कालीकरण यानी पीच रोड की मांग की है. वहीं डुमरिया पंचायत के पेटभरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पेटभरी में छात्रों की सुरक्षा और विद्यालय परिसर के रखरखाव के लिए चहारदीवारी निर्माण हेतु भी सरकार से निवेदन किया है. जदयू विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार को बताया कि पेटभरी गांव की सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के आवागमन के लिए मुख्य मार्ग है, जिसका कालीकरण होना अनिवार्य है. साथ ही गांव के सरकारी विद्यालय में बाउंड्री वॉल न होने से अध्यनरत छात्रों का पठन-पाठन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है. विद्यालय परिसर आवारा पशुओं और जुआरियों का अड्डा बना हुआ है. विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल द्वारा सदन में जनहित और लोकहित के मुद्दों को उठाने पर स्थानीय ग्रामीण ऐनुल हुदा, पद्दो सिन्हा, दिलीप सिन्हा, सेवक सिन्हा, उमाकांत गोस्वामी आदि ने काफी हर्ष व्यक्त किया है. इनलोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से गांव की बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




