शिक्षा विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने ली मध्याह्न भोजन की जानकारी, निपुण बिहार व मॉडल स्कूल का हुआ प्रदर्शन

शिक्षा विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने ली मध्याह्न भोजन की जानकारी
चुरली विद्युत सब स्टेशन परिसर में शिक्षा विभाग की योजनाओं की लगी प्रदर्शनी
सेल्फी पॉइंट व टीएलएम सामग्री रही आकर्षण का केंद्र, मुख्यमंत्री ने बच्चों के पोषण पर दिया जोर
ठाकुरगंज. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान बुधवार को ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली स्थित विद्युत सब स्टेशन परिसर में शिक्षा विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं का स्टॉल लगाया गया. इस विशेष प्रदर्शनी के लिए शिक्षकों व विभागीय कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया था. शिक्षा विभाग के स्टॉल पर निपुण बिहार, मॉडल स्कूल, मध्याह्न भोजन योजना व जिले के सभी प्रखंडों में स्थापित किए जा रहे सरकारी डिग्री कॉलेज से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गयी.
निपुण बिहार योजना के तहत कक्षा पहली से तीसरी तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक दक्षता विकसित करने से जुड़े कार्यक्रमों को बैनर, टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) व एफएलएन सामग्री के माध्यम से आकर्षक ढंग से दिखाया गया. लोगों के उत्साहवर्धन के लिए यहां एक सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया था. इसी प्रकार मॉडल स्कूल योजना के तहत चयनित विद्यालयों की सूची व वहां उपलब्ध करायी जा रही आधुनिक सुविधाओं का विवरण साझा किया गया.प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री मध्याह्न भोजन योजना के स्टॉल पर विशेष रूप से रुके. वहां उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन, साप्ताहिक मेनू व स्कूलों में विकसित की जा रही पोषण वाटिका से संबंधित जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी पूछा कि बच्चों को यह भोजन नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध होता है या नहीं. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी नासिर हुसैन के अलावा विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे. स्टॉल के माध्यम से सरकार की शिक्षा संबंधी प्राथमिकताओं को आम जनता के बीच प्रमुखता से रखा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




