कलश शोभायात्रा के साथ अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू

Updated at : 16 Mar 2026 7:52 PM (IST)
विज्ञापन
कलश शोभायात्रा के साथ अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू

कलश शोभायात्रा के साथ अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू

विज्ञापन

किशनगंज. टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के डाकपोखर पंचायत अंतर्गत कुचहा गांव स्थित अनंत भगवान मंदिर परिसर में सोमवार को श्री श्री 108 अखंड हरिनाम संकीर्तन समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ. इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है. समारोह की शुरुआत भव्य कलश एवं शोभायात्रा के साथ की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.

पीतांबरी वस्त्रों में सजी महिलाओं ने रेतुआ नदी से भरा पवित्र जल

सोमवार सुबह मंदिर परिसर से भव्य कलशा शोभायात्रा निकाली गयी. इसमें क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं एवं युवतियां पीतांबरी वस्त्र धारण कर माथे पर कलश लेकर शामिल हुईं. यह यात्रा गाजे-बाजे व डीजे के साथ कुचहा से प्रारंभ होकर खर्रा, बेणुगढ़, ठोवापारा व आमबाड़ी होते हुए सुहिया हाट स्थित रेतुआ नदी तट पर पहुंची. वहां विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु पुनः जयघोष के साथ मंदिर परिसर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापित किए गए.

सामाजिक एकता व आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बना आयोजन

ग्रामीणों ने बताया कि इस अखंड संकीर्तन का आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है. आयोजन स्थल पर कीर्तन व भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धा का माहौल व्याप्त है. स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, आपसी भाईचारा व आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है. यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमी रही. ग्रामीणों ने जगह-जगह यात्रियों का स्वागत किया. आने वाले दिनों में यहां और भी अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जतायी गयी है.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन