डिजिटल होगी जनगणना 2027, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

डिजिटल होगी जनगणना 2027, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
किशनगंज. भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण व मकानों की गणना) को लेकर सोमवार को तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत की गयी. समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में आयोजित यह प्रशिक्षण 16 मार्च से 18 मार्च तक चलेगा. कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे इस बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जायेगा.
पहली बार नागरिकों को मिलेगी ”स्व-गणना” की सुविधा
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार डिजिटल नवाचार के तहत नागरिकों को ”स्व-गणना” पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा दी गयी है. नागरिक 17 अप्रैल से एक मई तक अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे. यदि आंकड़ों में सुधार की आवश्यकता होगी, तो संबंधित प्रगणक के माध्यम से उसे दुरुस्त किया जा सकेगा. जनगणना 2027 इस श्रृंखला की 16वीं व स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना है, जिसमें डिजिटल साधनों के उपयोग से आंकड़ों का संकलन अधिक सटीक व त्वरित होगा.
दो मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण का कार्य
पटना से आयी दो सदस्यीय विशेषज्ञ टीम (रंजय कुमार सिन्हा व हेमंत कुमार) ने जानकारी दी कि बिहार में मकान सूचीकरण व गणना का कार्य दो मई से 31 मई 2026 तक संचालित किया जायेगा. इस दौरान आवास की स्थिति, छत की सामग्री, पेयजल स्रोत, शौचालय की उपलब्धता व परिसंपत्तियों (वाहन, मोबाइल आदि) से संबंधित जानकारी एकत्र की जायेगी. डीएम ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस कार्य को त्रुटि रहित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें.
इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, जिला योजना पदाधिकारी सह डीपीआरओ कुंदन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद सिंह सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




