पौआखाली-सीमलबाड़ी पीएमजीएसवाई सड़क का निर्माण अधूरा, भुगतान अटकने से रुका काम, ग्रामीण परेशान

Updated:
विज्ञापन
भुगतान अटका तो थम गई पौआखाली–सीमलबाड़ी प्रधानमंत्री सड़क का कार्य, राहगीर परेशान

किशनगंज जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बन रही पौआखाली से सीमलबाड़ी जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य भुगतान न मिलने के कारण रुका हुआ है. इस अधूरे निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Kishanganj Road: किशनगंज जिले के पौआखाली से सीमलबाड़ी जाने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की सड़क का पुनर्निर्माण कार्य पिछले कुछ समय से बंद पड़ा है. निर्माण कार्य अधूरा रहने से स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है.

2015 में दो करोड़ से अधिक की लागत से बनी थी सड़क

जानकारी के अनुसार करीब तीन किलोमीटर लंबी इस पक्की सड़क का निर्माण वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराया गया था. समय के साथ सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद इसके पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू किया गया.

आधा काम पूरा, फिर थम गया निर्माण

हाल के महीनों में पश्चिमी सीमलबाड़ी टोला में पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया, लेकिन शेष हिस्से का निर्माण बीच में ही रोक दिया गया. इसके कारण सड़क का बड़ा हिस्सा अब भी जर्जर स्थिति में पड़ा है.

भुगतान नहीं मिलने से रुका निर्माण कार्य

विभागीय सूत्रों के अनुसार संवेदक को अब तक निर्माण कार्य का भुगतान नहीं मिलने के कारण शेष कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है. हालांकि विभाग का कहना है कि भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया जाएगा.

ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग

Kishanganj Road: स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क पौआखाली, सीमलबाड़ी और मीरभिट्ठा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई से जुड़े कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी और आम लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं. सड़क अधूरी रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.

ग्रामीणों ने शीघ्र निर्माण पूरा कराने की मांग की

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी.

Also Read: लाखों खर्च के बाद भी बदहाल घाटशिला, जाम नालियां, सड़कों पर जलजमाव और कचरे के ढेर से लोग परेशान


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन