छह दिन बाद दो अपहृत महिलाएं सकुशल बरामद, पुलिस की तकनीकी जांच से बढ़ा दबाव, मुख्य आरोपित फरार

पुलिस के साथ अपहरीत की गई दोनों लड़किया | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज पुलिस ने 22 जुलाई को दर्ज हुए दो महिलाओं के अपहरण मामले में छह दिन बाद दोनों को सकुशल बरामद कर लिया है. तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस की कार्रवाई ने अपहरणकर्ताओं पर दबाव बनाया, जिसके चलते उन्हें छोड़ना पड़ा. मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.
Kidnapping Case: ठाकुरगंज (किशनगंज). ठाकुरगंज थाना पुलिस ने दो महिलाओं के कथित अपहरण मामले में छह दिन बाद दोनों को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस के अनुसार तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी. पुलिस का दबाव बढ़ने पर अपहरणकर्ता दोनों महिलाओं को बस पड़ाव के समीप छोड़कर फरार हो गये.
22 जुलाई को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
जानकारी के अनुसार ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 227/26 में 22 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दो महिलाओं के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी में धुलाबाड़ी निवासी 26 वर्षीय जेहरून खातून, पति अकबर अली तथा 25 वर्षीय निखत प्रवीण, पति जुनैद आलम के अपहरण का आरोप लगाया गया था.
मोबाइल लोकेशन से पुलिस को मिले अहम सुराग
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच शुरू की. लगातार लोकेशन ट्रैकिंग के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले. पुलिस जैसे-जैसे आरोपितों के करीब पहुंचती गई, उन पर दबाव बढ़ता गया. इसी दबाव के बीच दोनों महिलाओं को बस पड़ाव के समीप छोड़ दिया गया.
मेडिकल जांच और न्यायालय में होगा बयान
पुलिस ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है. इसके बाद न्यायालय में उनका बयान दर्ज कराया जाएगा. पुलिस का मानना है कि न्यायालय में दर्ज बयान से पूरे मामले की वास्तविक परिस्थितियां और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
मुख्य आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी
थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित सभी ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच जारी है. उन्होंने कहा कि फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा.
इलाके की नजर अब आगे की कार्रवाई पर
Kidnapping Case: दोनों महिलाओं की सकुशल बरामदगी के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है. अब पूरे इलाके की नजर मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी और न्यायालय में दर्ज होने वाले बयानों पर टिकी है, जिससे इस चर्चित मामले के कई महत्वपूर्ण पहलुओं से पर्दा उठने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










