भारत-नेपाल-बांग्लादेश सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
पकड़ी गयी बांग्लादेशी महिला | Prabhat Khabar Network

पकड़ी गयी बांग्लादेशी महिला | Prabhat Khabar Network

भारत-नेपाल और बांग्लादेश सीमा पर स्थित किशनगंज जिले में पुलिस का अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान जारी है. इसी क्रम में एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है, जिससे कई अहम खुलासे हो सकते हैं.

विज्ञापन

भारत-नेपाल और बांग्लादेश सीमा से सटे संवेदनशील किशनगंज जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में किशनगंज पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलर चौक से अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है. किशनगंज पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है.

बांग्लादेश के ढाका की रहने वाली है महिला

पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई महिला की पहचान तैयबा इस्लाम के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ढाका (नारायणगंज, रूपगंज) की रहने वाली है. वह पिछले कुछ दिनों से सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलर चौक के समीप बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध तरीके से रह रही थी.

26 जुलाई की गिरफ्तारी से जुड़े तार

इस कार्रवाई के तार बीते 26 जुलाई को हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़े हैं. 26 जुलाई को पुलिस ने रूईधासा प्रेमपुल के पास से एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था.

उसी दौरान उसे शरण देने के आरोप में महीनगांव डीलर चौक निवासी स्थानीय युवक जाकिर हुसैन को भी हिरासत में लिया गया था. पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि जाकिर हुसैन की पत्नी भी एक बांग्लादेशी नागरिक है और वह अवैध रूप से महीनगांव में रह रही है.

पुलिस की पूछताछ जारी

मिली सटीक सूचना और जाकिर हुसैन की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त महिला को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार महिला से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह भारत में किस रास्ते से दाखिल हुई थी और इसके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हाथ तो नहीं है.


विज्ञापन
गौरव कुमार

लेखक के बारे में

By गौरव कुमार

गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन