किशनगंज के पौआखाली में NH-327E की सर्विस रोड बनी हादसों का कारण, गड्ढों और बिखरी गिट्टियों से बढ़ी परेशानी
पौआखाली में एलआरपी चौक से शिव मंदिर चौक तक जर्जर सड़क
Kishanganj News: किशनगंज के पौआखाली में एलआरपी चौक से शिव मंदिर चौक तक जर्जर सड़क, बरसात में और बढ़ सकता है खतरा.
पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट
Kishanganj News: राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर पौआखाली में एलआरपी चौक से पेटभरी शिव मंदिर चौक तक जाने वाली सर्विस रोड की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए चिंता का कारण बन गई है. सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़कर बिखरी गिट्टियां दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं.
सर्विस रोड पर रोजाना बड़ी संख्या में दोपहिया, तिपहिया और छोटे वाहनों का आवागमन होता है. लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. खासकर बाइक चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा साबित हो रहा है.
गड्ढों और बिखरी गिट्टियों से बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के कई हिस्सों में गिट्टियां उखड़कर फैल गई हैं, जिससे वाहन फिसलने की आशंका बनी रहती है. वहीं जगह-जगह बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं. कई वाहन चालक अचानक गड्ढों से बचने के प्रयास में संतुलन खो देते हैं, जिससे हादसे की संभावना बढ़ जाती है.
ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है. अपरिचित वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है.
अधूरा मरम्मत कार्य बना चर्चा का विषय
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि ओवरब्रिज अंडरपास के समीप कुछ दूरी तक प्रिमिक्सिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन उसके आगे के क्षतिग्रस्त हिस्सों को छोड़ दिया गया. परिणामस्वरूप सड़क का बड़ा हिस्सा अब भी जर्जर अवस्था में है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
लोगों का कहना है कि यदि पूरे मार्ग की मरम्मत एक साथ की जाती तो समस्या काफी हद तक दूर हो सकती थी. अधूरे कार्य के कारण सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
NHAI से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है और इसकी अनदेखी लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो जाएगी. इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ-साथ लोगों का आवागमन भी प्रभावित होगा.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










