पुलिस व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़, बदमाश को लगी गोली, दो जवान घायल

Updated:
विज्ञापन
पुलिस व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़, बदमाश को लगी गोली, दो जवान घायल

Kishanganj Encounter News : रेलवे गुमटी के पास देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला किशनगंज. पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.

विज्ञापन

किशनगंज से रामबाबू की रिपोर्ट : किशनगंज में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई. टाउन थाना क्षेत्र के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे फरींगोला रेलवे गुमटी के पास पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू यादव के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम

जिला पुलिस के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी रेलवे गुमटी के पास इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम देर रात करीब 10:30 बजे इलाके में पहुंची. इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की गई.

भागने के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक तेजी से भागने लगा. पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई. मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए.

घटनास्थल से हथियार और बाइक बरामद

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान चलाकर बिना नंबर की बाइक, पिस्टल, खोखा और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं. एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.

अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा है आरोपी

पुलिस पूछताछ में घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह अंतरराज्यीय लूट, छिनतई और चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य है. उसके खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं.

कई जिलों में दर्ज हैं मामले

जांच में सामने आया है कि आरोपी पटना, अररिया, मुंगेर समेत कई जिलों में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है. किशनगंज में हाल के दिनों में हुई बाइक चोरी और छिनतई की घटनाओं में भी उसके गिरोह की संलिप्तता सामने आई है.

“Zero Tolerance” पर पुलिस का फोकस

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन