तीन साल बाद भी नहीं लगी छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा, वादे पर सवाल

जलेबिया मोड पर लगी छत्रपति शिवाजी की फाइल फोटो
ठाकुरगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान हटाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तीन साल बाद भी अपने नए स्थान पर स्थापित नहीं हो सकी है. वादे पूरे न होने से स्थानीय लोग नाराज हैं और प्रतिमा पुनर्स्थापना का इंतजार कर रहे हैं.
ठाकुरगंज (किशनगंज) : राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-327ई के गलगलिया–बहादुरगंज (प्रथम चरण) फोरलेन निर्माण के दौरान हटाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तीन वर्ष बाद भी अपने नए स्थान पर स्थापित नहीं हो सकी है. प्रतिमा की पुनर्स्थापना में हो रही देरी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उनका कहना है कि सड़क निर्माण के समय जल्द प्रतिमा लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ.
1998 से स्थापित थी प्रतिमा, निर्माण कार्य के दौरान हटाई गई
जानकारी के अनुसार, जलेबिया मोड़ पर वर्ष 1998 में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा को फोरलेन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद निर्माण एजेंसी ने हटा दिया था. उस समय कहा गया था कि सड़क निर्माण पूरा होने पर प्रतिमा को सम्मानपूर्वक नए स्थान पर स्थापित किया जाएगा. हालांकि तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रतिमा की पुनर्स्थापना नहीं हो सकी है.
तैलचित्र पर मनानी पड़ रही शिवाजी जयंती
प्रतिमा नहीं होने के कारण ठाकुरगंज के लोगों को पिछले तीन वर्षों से छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती तैलचित्र पर माल्यार्पण कर मनानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन राष्ट्रनायकों से जुड़े वादों को इतने लंबे समय तक अधूरा छोड़ना उचित नहीं है.
हाल के दिनों में निर्माण एजेंसी की ओर से प्रतिमा स्थापना के लिए नया स्थान चिन्हित करने और नई प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया गया था. बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी है.
जनप्रतिनिधियों ने भी उठाया मुद्दा
प्रतिमा की पुनर्स्थापना को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. 19 फरवरी 2025 को भाजपा नगर मंडल ठाकुरगंज के अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा को शीघ्र स्थापित कराने की मांग की थी. ज्ञापन में फोरलेन निर्माण के दौरान दिए गए आश्वासन का उल्लेख करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई थी.
इस संबंध में फोरलेन निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की सम्मानजनक पुनर्स्थापना देखना चाहते हैं. तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रतिमा स्थापित नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










