बरसात में जान जोखिम में डालकर स्कूल, पंचायत भवन और हाट पहुंचने को मजबूर ग्रामीण, आरसीसी पुल की मांग तेज

स्कूल के आगे जमा पानी
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड में बरसात के दिनों में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए स्कूल, पंचायत भवन और हाट तक पहुँचना एक बड़ी चुनौती बन गया है. लगातार बारिश से रास्ते में जलभराव के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी पार करना पड़ रहा है. सालों से पुल निर्माण की मांग के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल पाया है.
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत हवाकोल पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगुलाहागी, पंचायत सरकार भवन और गुड़िया हाट तक पहुंचना बरसात के दिनों में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. लगातार बारिश से रास्ते में जलभराव होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी पार कर आवागमन करना पड़ रहा है.
बच्चों की पढ़ाई और आवागमन पर असर
ग्रामीणों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, महिलाओं और पंचायत सरकार भवन पहुंचने वाले लोगों को होती है. कई बार बच्चों को अपनी किताबें और कपड़े सिर पर रखकर पानी पार करना पड़ता है. ऐसे में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
वर्षों से पुल निर्माण की मांग, नहीं निकला समाधान
वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मनसब आलम, भोला ऋषिदेव, श्याम देव ऋषिदेव, अरुण कुमार ऋषिदेव, बहादुर ऋषिदेव, अकला ऋषिदेव, अख्तर हुसैन, मोहम्मद हुसैन तथा जन वितरण प्रणाली विक्रेता जितेंद्र विश्वास ने बताया कि वे वर्षों से सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर आरसीसी पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं. कई बार अधिकारियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका.
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, पंचायत के प्रशासनिक कार्य और स्थानीय बाजार तक आवागमन प्रभावित होता है. उन्होंने प्रशासन से अविलंब स्थल का निरीक्षण कर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते पुल नहीं बना तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी.
और पढ़ें : अस्पताल चौक का गड्ढा बना मुसीबत, बरसाती जलजमाव से स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










