डीएम का सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

सदर अस्पताल का निरीक्षण करते जिला पदाधिकारी नवीन कुमार.
किशनगंज के डीएम नवीन कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
किशनगंज से राहुल कुमार की रिपोर्ट
किशनगंज : जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया.
इमरजेंसी और वार्डों का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाले त्वरित उपचार की व्यवस्था देखी. इसके बाद उन्होंने पुरुष, महिला और प्रसव वार्ड का दौरा किया तथा भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपचार संबंधी जानकारी ली.
दवा भंडार और अस्पताल परिसर की जांच
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्टोर रूम में आवश्यक दवाइयों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की. साथ ही अस्पताल परिसर, वार्डों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया.
हाजिरी रजिस्टर की जांच, लापरवाही पर चेतावनी
जिलाधिकारी ने डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच के लिए हाजिरी रजिस्टर भी देखा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी.
अस्पताल प्रशासन को दिए कई निर्देश
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को कई आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर करने, सभी डॉक्टरों और नर्सों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्टोर में सभी आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की नौबत नहीं आनी चाहिए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










