नव वर्ष पर पिकनिक स्पाट व मंदिरों में उमड़ी भीड़, भगवान के दर्शन कर की साल की शुरुआत

नववर्ष को लेकर हर तरफ उमंग का माहौल रहा
-नववर्ष पर गुलजार रहे जिले भर के पिकनिक स्पॉट
-ओद्रा काली मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, नव वर्ष के पहले दिन भक्तों ने की पूजा-अर्चनाकिशनगंज
नववर्ष को लेकर हर तरफ उमंग का माहौल रहा. हर कोई अपने- अपने अंदाज में नव वर्ष को सेलिब्रेट किये. नव वर्ष की शुरुआत हर कोई इस अंदाज से कर रहा था कि पूरा साल यह लम्हा यादगार के रूप में रह जाय. ठंड ने लोगों को जरूर परेशान किया. बड़ी संख्या में लोग सबसे पहले सुबह स्नान कर मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना की व प्रसाद चढ़ाया. साथ ही यह कामना की कि वर्ष 2026 उनके लिए मंगलमय हो. लोगों की मर्जी देख मौसम ने भी अपना मिजाज बदला और दोपहर को धूप खिल उठी, देखते ही देखते लोग पिकनिक स्पॉट की ओर निकल पड़े. पिकनिक स्पॉट के रूप में चर्चित कानकी धाम, ओद्राघाट कालीबाड़ी, नेहरू पार्क, कारगिल पार्क, बूढ़ी काली मंदिर, भूतनाथ मंदिर आदि स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे व अपने-अपने अंदाज में नये वर्ष का स्वागत किया. नये वर्ष के मौके पर मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वालों की भीड़ लगी रही. खासकर शहर के बूढ़ी काली मंदिर, शीतला मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, स्टेशन हनुमान मंदिर, बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर, धरमगंज रेल गुमटी के समीप स्थित बजरंग बली मंदिर, भूतनाथ शिव मंदिर, बस स्टैंड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर आदि में मंदिरों में श्रद्धालु बड़ी तादाद में पहुंचे. भक्तों ने ईश्वर से नये साल में अमन, शांति, प्रगति व सद्भाव के लिए प्रार्थना की. हर वर्ष सबसे अधिक लोग ओद्रा काली के मंदिर नये वर्ष के मौके पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लगभग यही स्थिति पश्चिम बंगाल के एकरचला काली मंदिर की भी रहती है.एक दिन पहले से जारी रहा बधाई देने का सिलसिला…
नये साल के स्वागत के मौके पर बुधवार को अग्रिम बधाई और देर रात से जो एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ, वह गुरुवार को भी जारी रहा, मोबाइल की घंटिया घनघनाती रही, जबकि वहाट्सएप पर संदेशों का आदान-प्रदान जारी रहा. वीडियो कॉलिंग के द्वारा लोगों ने अपनों से रूबरू होकर दूरी के एहसास को मिटाने की कोशिश की, गांव से लेकर शहर तक की गलियां नववर्ष की मस्ती में सराबोर रहे. संदेश साफ था, जो बीत चुका है, उसे भूला कर नये वर्ष का नयी उम्मीद के साथ स्वागत किया जाये. कुल मिला कर नया वर्ष हर दिल में उम्मीद और तरंग जगा गया.पिकनिक स्पॉट पर जारी रहा मस्ती का दौर
नये साल के स्वागत में पिकनिक के मौके पर लोगों ने जम कर मस्ती की, खासकर ओद्राघाट और ओद्रा कालीबाड़ी में मस्ती के नजारा देखने को मिला. वहीं युवाओं के पिकनिक स्पॉट डोक नदी तट आदि जगहों पर लजीज व्यंजनों के साथ डीजे के मधुर संगीत पर थिरक कर नववर्ष का जश्न मनाया, कहीं मटन, चिकन का दौर चला तो कहीं घरों से बने लजीज व्यंजनों के साथ पिकनिक स्पॉट गुलजार रहा. वहीं जो केवल घरों से घूमने निकले थे, उन्होंने पिकनिक स्पॉट के पास सजी दुकानों पर गोलगप्पे, चाट, चिकन चिल्ली, चाउमीन का जमकर लुत्फ उठाया और जश्न मनाया.पार्क में बसी बच्चों की दुनिया
शहर के बुद्धा नेहरू शांति पार्क में हर तरफ मेले सा नजारा था. टीन एजर्स और युवाओं की तादाद यहां अधिक देखने को मिली. संगीत की दुनिया सजी थी, छोटे – बच्चों के भीड़ के आगे पार्क का झूला, सीढ़ी और खेलने का सामान कम पड़ गया था. इस दौरान पार्क में हर जगह युवाओं में सेल्फी का क्रेज बरकरार रहा.
नशेड़ी व बाइक रेसर रहे गायब
शराब बंदी का अच्छा असर ये देखने को मिला कि नशे में पार्क एवं सड़कों पर घूमने वाले रइशजादे इस बार कहीं नजर नहीं आये. यह शराबबंदी का असर ही था कि महिलाएं, युवतियां और बच्चे खुल कर नववर्ष का जश्न मनाते दिखे. न सड़कों पर बाइक रेसर दिखे और न ही उचक्के नजर आये. हर तरफ शांत वातावरण और उल्लास के साथ बिंदास खुशियों का नजारा था. हालांकि हर जगह पुलिस की चौकस व्यवस्था थी, लेकिन भय का साया गायब था. शहर की सड़कें सूनी रही और बाजार भी बंद रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




