पुलिस कस्टडी से फरार युवक की मालती नदी में डूबने से मौत, आक्रोशित लोगों ने किया थाना घेराव
Published by : GUNJAN THAKUR Updated At : 30 May 2026 10:54 PM
पुलिस कस्टडी से फरार युवक की मालती नदी में डूबने से मौत, आक्रोशित लोगों ने किया थाना घेराव
भीड़ नियंत्रण के दौरान थानाध्यक्ष ने भीड़ पर तान दी पिस्टल खगड़िया. पुलिस कस्टडी से फरार युवक की मालती नदी में डूबने से मौत हो गयी. घटना शुक्रवार देर शाम की बतायी जा रही है. शव मिलने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मोरकाही थाना का घेराव कर दिया. मामला मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव का है. जानकारी के अनुसार, सबलपुर निवासी सौरव कुमार के विरुद्ध मोरकाही थाना में प्राथमिकी दर्ज थी. नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने शत्रुघ्न कुमार के पुत्र सौरव कुमार तथा खलटु साह के पुत्र अंशु कुमार उर्फ दुखो कुमार को हिरासत में लिया. दोनों आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में थाना लाया जा रहा था. इसी दौरान सौरव कुमार पुलिस कस्टडी से फरार हो गया. एसपी राकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सौरव पुलिस टीम से हाथ छुड़ाकर गांव स्थित मंदिर के पीछे भागने में सफल रहा. पुलिस से बचने के प्रयास में उसने मंदिर परिसर में स्थित मालती धार में छलांग लगा दी. पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अत्यधिक अंधेरा होने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त अंशु कुमार को लेकर थाना लौट आयी. उल्लेखनीय है कि 4 अप्रैल 2026 को मोरकाही थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था भंग करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सौरव कुमार और अंशु कुमार के विरुद्ध मोरकाही थाना कांड संख्या 61/26 दर्ज किया गया था. थाना परिसर में शव रखकर किया प्रदर्शन शनिवार को सौरव कुमार का शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को मोरकाही थाना परिसर में रखकर प्रदर्शन और हंगामा किया. घटना की सूचना मिलते ही एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. सदर एसडीओ धनंजय कुमार और एएसपी मुकुल कुमार रंजन ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया जा सका. भीड़ नियंत्रण के दौरान बढ़ा तनाव प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में थानाध्यक्ष द्वारा पिस्टल तानने की घटना भी चर्चा का विषय बनी रही. हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद माहौल शांत हुआ और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










