खाड़ी संकट की तपिश रसोई तक पहुंची

Published by :RAJKISHORE SINGH
Published at :18 Apr 2026 11:12 PM (IST)
विज्ञापन
खाड़ी संकट की तपिश रसोई तक पहुंची

खाड़ी संकट की तपिश रसोई तक पहुंची

विज्ञापन

गोगरी. खाड़ी क्षेत्र में चल रहा युद्ध अब घरों की रसोई तक असर दिखाने लगा है. अमेरिका, इजरायल व ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है. रसोई गैस, खाद्य तेल, वाशिंग पाउडर, बिस्कुट व प्लास्टिक उत्पादों के दाम बढ़ने से आम परिवारों का मासिक बजट गड़बड़ा गया है. सबसे ज्यादा चिंता गृहिणियों को है, जिन्हें सीमित आय में घर चलाना मुश्किल हो रहा है. जमालपुर बाजार में दुकानदारों का कहना है कि पिछले दिनों कई जरूरी सामानों की कीमतों में 15 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. थोक बाजार से महंगा माल आने के कारण खुदरा बाजार भी प्रभावित हुआ है. व्यापारियों के अनुसार आयातित कच्चे माल, पेट्रोलियम लागत व परिवहन खर्च बढ़ने से बाजार में दबाव बना है.

गृहिणियों ने बतायी अपनी पीड़ा

जमालपुर अशोक चौक की रहनेवाली कुमारी सुषमा गुप्ता ने बताया कि पहले एलपीजी सिलिंडर महंगा हुआ, फिर सरसों तेल व रिफाइन के दाम बढ़ गए. अब वाशिंग पाउडर तक महंगा हो गया है. ऐसे में घर का खर्च संभालना कठिन हो रहा है. उन्होंने कहा कि अब हर खरीदारी सोच-समझकर करनी पड़ रही है. रेलवे नीतू सिंह ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों पर युद्धजनित महंगाई ने नयी मुसीबत खड़ी कर दी है. खाने-पीने के सामानों की कीमत बढ़ने से रसोई का हिसाब बिगड़ गया है.

55 रुपये का वाशिंग पाउडर अब 70 में

व्यापारियों के मुताबिक पहले 55 रुपये बिकने वाला वाशिंग पाउडर अब 70 रुपये तक पहुंच गया है. ब्रांडेड और बिना ब्रांड दोनों तरह के उत्पाद महंगे हुए हैं. दुकानदार अंकित कुमार ने बताया कि केमिकल व प्लास्टिक आधारित पैकिंग सामग्री महंगी होने से लागत बढ़ी है. कंपनियों ने कई स्कीम भी बंद कर दी हैं, जिससे बाजार पर और असर पड़ा है. कारोबारी मुन्ना ने बताया कि सरसों तेल और रिफाइन के दाम में 10 से 20 रुपये प्रति किलो तक उछाल आया था. हालांकि पिछले ए सप्ताह में कुछ वस्तुओं के दाम में हल्की नरमी भी दिखी है, लेकिन आम लोगों को अभी राहत महसूस नहीं हो रही. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खाड़ी क्षेत्र में तनाव लंबा खिंचता है तो आने वाले दिनों में घरेलू बाजार पर और असर पड़ सकता है. फिलहाल अनुमंडल क्षेत्र के लोग युद्ध की खबरें टीवी पर देख रहे हैं, लेकिन उसकी असली तपिश बाजार व रसोई में महसूस कर रहे हैं.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन