शहीद प्रभु नारायण सिंह की शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि, 21 साल की उम्र में में ही दिया था बलिदान

Updated:
विज्ञापन

शहीद की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करते स्कूली छात्रा. | Prabhat Khabar Network

खगड़िया के वीर सपूत शहीद प्रभु नारायण सिंह की शहादत दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जानिए 21 साल की उम्र में उनके बलिदान की पूरी कहानी।

विज्ञापन

खगड़िया : सदर प्रखंड की माड़र उत्तरी पंचायत में गुरुवार को अमर शहीद प्रभु नारायण सिंह का शहादत दिवस मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, सिमरी बख्तियारपुर विधायक संजय कुमार सिंह, समाजसेवी नागेंद्र सिंह त्यागी, सीपीएम नेता संजय सिंह, कांग्रेस नेता चंदन यादव, सुभाष चंद्र जोशी, वरिष्ठ अधिवक्ता शिवजी महतो सहित सैकड़ों लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मंच संचालन समाजसेवी राहुल सिंह ने किया. सीएस उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर शहीद को नमन किया.

इससे पहले नगर परिषद क्षेत्र के एनएसी रोड स्थित शहीद प्रभु नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गयी. इसके बाद सीएस उच्च विद्यालय माड़र में छात्र-छात्राओं ने शहादत दिवस मनाया. मुख्य कार्यक्रम शहीद प्रभु नारायण पार्क माड़र में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हुआ.

21 वर्ष की उम्र में दिया सर्वोच्च बलिदान

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि महज 21 वर्ष की उम्र में तिरंगा हाथ में लेकर अंग्रेजों की गोलियों के सामने सीना तान देना प्रभु नारायण सिंह की सबसे बड़ी पहचान बन गयी. उनका बलिदान बताता है कि खगड़िया की मिट्टी ने भी आजादी की लड़ाई में अपना खून दिया था. आजादी के आंदोलन में खगड़िया की धरती ने कई वीर सपूतों को जन्म दिया, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने से इनकार कर दिया. इन्हीं में अमर शहीद प्रभु नारायण सिंह का नाम प्रमुखता से लिया जाता है.

वक्ताओं ने बताया कि प्रभु नारायण सिंह का जन्म वर्ष 1921 में माड़र गांव में हुआ था. वर्ष 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ. नौ अगस्त को आंदोलन के आह्वान के बाद देशभर में अंग्रेजी शासन के खिलाफ विरोध तेज हो गया. बनारस में पढ़ाई कर रहे प्रभु नारायण सिंह भी आंदोलन से जुड़ गये.

फोटो-12कैप्सन-शहादत कार्यक्रम को संबोधित करते वक्ता.  | Prabhat Khabar Network
शहादत कार्यक्रम को संबोधित करते वक्ता. | Prabhat Khabar Network

तिरंगा लेकर निकले थे अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ

वक्ताओं ने बताया कि प्रभु नारायण सिंह 12 अगस्त 1942 की शाम बनारस से खगड़िया के लिए रवाना हुए. खगड़िया पहुंचने के बाद वे सीधे अपने गांव नहीं गये, बल्कि शहर से सटे सन्हौली पहुंचे और युवा साथियों को तिरंगा लेकर एकत्र किया. उनके नेतृत्व में आंदोलनकारियों का जत्था तिरंगा लेकर अंग्रेजी हुकूमत के विरोध में खगड़िया की ओर बढ़ा.

जुलूस के आगे प्रभु नारायण सिंह तिरंगा लेकर चल रहे थे. उनका उद्देश्य अंग्रेजी शासन के खिलाफ आवाज बुलंद करना और राष्ट्रीय ध्वज फहराना था. जुलूस जैसे-जैसे आगे बढ़ा, आंदोलनकारियों की संख्या भी बढ़ती गयी. मुंगेरिया चौक के पास अंग्रेज पुलिस का कैंप था. 13 अगस्त 1942 को मुंगेरिया चौक पर प्रभु नारायण सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया.

सैकड़ों लोगों ने किया नमन

मौके पर सरपंच रामदेव ठाकुर, राम शकल शर्मा, गौतम मंडल, रंजीत मंडल, नरसिंग मंडल, रामदेव साह, विश्वजीत कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुजीत पासवान, सीएस उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद कुमार सिंह, अमर ज्योति, राज कुमार सिंह, संवेदना समित्र, रानी सुप्रिया, फरजाना अंजुम, रूबी कुमारी, मिनाल कुमार, पूजा मिश्रा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे.



विज्ञापन
राजकिशोर सिंह

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन