परबत्ता सीएचसी बना एनक्यूएएस प्रमाणित पहला स्वास्थ्य संस्थान

सीएचसी को स्वास्थ्य सेवाओं में उच्च गुणवत्ता, सुरक्षा व रोगी-केंद्रित देखभाल के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त हुआ है
टीमवर्क और मजबूत नेतृत्व से संभव हुई उपलब्धि, मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ…………….
खगड़िया. सीएचसी को स्वास्थ्य सेवाओं में उच्च गुणवत्ता, सुरक्षा व रोगी-केंद्रित देखभाल के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त हुआ है. यह प्रमाणीकरण सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, संक्रमण नियंत्रण और नैदानिक देखभाल सहित आठ प्रमुख क्षेत्रों में कठोर मूल्यांकन के बाद दिया गया है. सीएचसी प्रभारी डॉ. कशिश ने कहा कि टीमवर्क और मजबूत नेतृत्व से ही यह संभव हो पाया है. मालूम हो कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड प्रमाणन प्राप्त करने वाला जिले का पहला सीएचसी परबत्ता है. निरंतर प्रयासों और समर्पण ने इस लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभायी. उन्होंने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एनक्यूएएस एक राष्ट्रीय गुणवत्ता ढांचा है. जिसका उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दी जा रही सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाना है. इसके अंतर्गत संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, नैदानिक सेवाओं की गुणवत्ता, दवा प्रबंधन, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और मरीज संतुष्टि जैसे अनेक बिंदुओं पर सख्त मूल्यांकन किया गया था. महीनों की सतत मेहनत के बाद सीएचसी परबत्ता में सुव्यवस्थित पंजीयन प्रणाली, स्वच्छ वार्ड व शौचालय, संक्रमण नियंत्रण के लिए एसओपी का सख्त पालन, दवाओं व उपकरणों का वैज्ञानिक प्रबंधन, प्रसव कक्ष, ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं का उन्नयन किया गया. उसके बाद एनक्यूएएस प्रमाणन दिया गया है.
इलाके के लोगों को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ
इस प्रमाणन का सबसे बड़ा लाभ आमलोगों को मिलेगा. अब सीएचसी परबत्ता के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, सुरक्षित व भरोसेमंद इलाज, स्वच्छ वातावरण, समयबद्ध जांच एवं मरीज-केंद्रित सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी. जिससे जिला अस्पताल या निजी संस्थानों पर निर्भरता कम होगी. परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की यह सफलता जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है. बताया जाता है कि एनक्यूएएस टीम डॉ. अमरेश कुमार और दीपक चतुर्वेदी द्वारा सीएचसी परबत्ता का मूल्यांकन किया गया था. मौके पर बीएचएम नितेश अभिजात, पिरामल के टीम करण कुमार, सेराज हसन, श्रवण कुमार, ललन कुमार, यूएनएफपीए के जिला प्रतिनिधि राजेश पांडेय, श्रवण कुमार आदि मौजूद थे.
कहते हैं सीएचसी प्रभारी
सीएचसी प्रभारी डॉ. कशिश ने बताया कि एनक्यूएएस प्रमाणन केवल एक प्रमाणपत्र नहीं है. बल्कि यह जनता के विश्वास और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती का सशक्त प्रमाण है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




