नगर परिषद सशक्त स्थायी समिति की बैठक रहा बेनतीजा, 5 सदस्यों के सहयोग नहीं मिलने से निर्णय टला
Published by : RAJKISHORE SINGH Updated At : 12 Jun 2026 7:55 PM
सशक्त स्थायी समिति के पांच सदस्यों के सहयोग नहीं मिलने के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी. बैठक में नगर सभापति व उपसभापति शबनम जबीन उपस्थित थी
खगड़िया. नगर परिषद सभागार में सशक्त स्थायी समिति की बैठक बिना किसी निर्णय का स्थगित कर दिया गया. शुक्रवार को नगर सभापति अर्चना कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक बुलायी गयी थी. बैठक में नगर विकास, सौंदर्यीकरण, यातायात सुधार, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा प्रस्तावित था. लेकिन, सशक्त स्थायी समिति के पांच सदस्यों के सहयोग नहीं मिलने के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी. बैठक में नगर सभापति व उपसभापति शबनम जबीन उपस्थित थी. वहीं सशक्त स्थायी समिति के पांच सदस्य बैठक स्थल पर पहुंचे. लेकिन उन्होंने उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर नहीं किया. इसके कारण बैठक का कोरम पूरा नहीं हो सका. बताया जाता है कि एजेंडों पर चर्चा प्रारंभ करने के बजाय विभिन्न अन्य विषयों पर बातचीत होती रही और बाद में सदस्य बैठक छोड़कर चले गए. परिणामस्वरूप नगरहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका.
इन प्रस्तावित मुद्दों पर करना था चर्चा
सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों के दोनों किनारे पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ एवं पेपर ब्लॉक निर्माण, नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने, सार्वजनिक स्थलों के विकास, हरित अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण तथा अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा होनी थी. ये सभी योजनाएं शहर के भविष्य के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत संरचनाओं के विस्तार से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा और निर्णय आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जनता ने सभी प्रतिनिधियों को नगरहित में कार्य करने के लिए चुना है और विकास कार्यों में सभी की सहभागिता जरूरी है. कोरम पूरा नहीं होने के कारण कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर निर्णय टल गए, जिससे विकास कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित हुयी है. कहा कि नगर परिषद लगातार शहर को एक स्वच्छ, सुंदर, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है. फुटपाथ निर्माण, पौधारोपण, सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है. ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है ताकि विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके.अगली बैठक में कोरम की नहीं पड़ेगी आवश्यकता
नगर परिषद सूत्रों के अनुसार बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 में सशक्त स्थायी समिति की बैठक के लिए कोरम संबंधी स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं. अधिनियम के अनुसार यदि निर्धारित बैठक में आवश्यक कोरम पूरा नहीं होता है तो बैठक स्थगित कर दी जाती है. ऐसे मामलों में अगली बैठक के लिए पुनः तिथि निर्धारित की जाती है और स्थगित बैठक की अगली बैठक में कोरम की आवश्यकता नहीं होती. इसी कारण प्रस्तावित एजेंडों पर चर्चा एवं निर्णय संभव नहीं हो सका. जबकि अब अगली बैठक में लंबित विषयों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है. बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों द्वारा विचार-विमर्श के उपरांत यह निर्णय लिया गया कि सशक्त स्थायी समिति की अगली बैठक के लिए नई तिथि एवं समय अलग से निर्धारित किया जायेगा. नगर परिषद प्रशासन द्वारा सभी सदस्यों को इसकी विधिवत सूचना उपलब्ध कराई जायेगी, ताकि नगरहित से जुड़े लंबित एजेंडों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें. नगर सभापति ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बैठक में सभी सदस्य उपस्थित होकर सकारात्मक भूमिका निभाएंगे और खगड़िया के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लेने में सहयोग करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










