इटहरी पंचायत में लगा सहयोग शिविर, 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का प्रशासन ने दिया भरोसा
दीप प्रज्वलित कर कैप का शुभारंभ करते बीडीओ. | Prabhat Khabar Network
Sahyog Camp : इटहरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया. विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों ने अपनी फरियादें सुनाईं, जिनके 30 दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया गया है. प्रशासन ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है.
Sahyog Camp : गोगरी प्रखंड के इटहरी पंचायत स्थित पंचायत भवन काली स्थान मैदान में आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी रघुनन्दन आनंद, राजस्व अधिकारी सुजीत कुमार, मुखिया अनीता देवी सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. आयोजन का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं
सहयोग शिविर में विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता, राजस्व सहित कई विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन संबंधित विभागों को सौंपे. अधिकारियों ने आवेदनों की जांच कर लोगों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई.
30 दिनों में होगा आवेदनों का निष्पादन
प्रखंड विकास पदाधिकारी रघुनन्दन आनंद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और सुलभ समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने बताया कि पहले प्राप्त सभी आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है. बुधवार को आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त सभी नए आवेदनों का भी नियमानुसार 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.
योजनाओं का लाभ लेने की अपील
बीडीओ ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे सहयोग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन दें. इससे बिना अनावश्यक दौड़-भाग के विभिन्न विभागों की सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा.
लोगों ने सराही प्रशासन की पहल
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी को राहतभरी पहल बताया. लोगों का कहना था कि ऐसे शिविरों से समय की बचत होती है और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज होती है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के सहयोग शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए