194 सहायक प्राध्यापकों को अब पहले वेतन की उम्मीद, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग को लिखा पत्र

Updated:
विज्ञापन

मुंगेर विश्वविद्यालय | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुंगेर विश्वविद्यालय के 19 राजकीय डिग्री कॉलेजों में कार्यरत 194 संविदा सहायक प्राध्यापकों को एक माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिला था. राज्यपाल के हस्तक्षेप के बाद अब वेतन आवंटन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जगी है. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर शीघ्र वेतन भुगतान का अनुरोध किया है.

विज्ञापन

मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत पांच जिलों में सरकार के सात निश्चय पार्ट-3 के तहत संचालित 19 राजकीय डिग्री कॉलेजों में संविदा पर नियुक्त 194 सहायक प्राध्यापकों के लिए राहत की खबर है. नियुक्ति के बाद करीब एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वेतन नहीं मिलने के मामले में अब राज्यपाल के स्तर से पहल की गयी है. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर इन शिक्षकों के वेतन का शीघ्र आवंटन विश्वविद्यालय को जारी करने का अनुरोध किया है.

विज्ञापन

राज्यपाल ने एक सप्ताह में वेतन भुगतान का दिया था आश्वासन

राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव की ओर से भेजे गये पत्र में कहा गया है कि राज्य के 211 प्रखंड स्तरीय डिग्री कॉलेजों में अगस्त माह में शिक्षकों की नियुक्ति की गयी थी. इन शिक्षकों ने अपने-अपने कॉलेजों में योगदान भी कर दिया है, लेकिन योगदान के एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी उनके वेतन का भुगतान नहीं हुआ है.

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से वर्ष 2020 में प्रकाशित विज्ञप्ति के आधार पर नियुक्त कई शिक्षकों को भी आठ से नौ माह का वेतन अबतक नहीं मिला है.

13 सितंबर के उन्मुखीकरण कार्यक्रम में हुई थी घोषणा

संविदा पर नियुक्त सहायक प्राध्यापकों के राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन 13 सितंबर को किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने शिक्षकों को एक सप्ताह के भीतर वेतन भुगतान कराने का आश्वासन दिया था. इसके बाद अब राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर वेतन आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का अनुरोध किया है.

पांच जिलों के 19 कॉलेजों में हैं 194 शिक्षक

मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय, जमुई और शेखपुरा जिले में कुल 19 राजकीय डिग्री कॉलेज संचालित हैं. जुलाई में बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग की प्रक्रिया के तहत इन कॉलेजों में छह विषयों के लिए संविदा पर 219 सहायक प्राध्यापक आवंटित किये गये थे.

इनमें से 194 सहायक प्राध्यापकों ने काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने के बाद 10 अगस्त को संबंधित राजकीय डिग्री कॉलेजों में योगदान दिया था. अब इन शिक्षकों को अपने पहले वेतन का इंतजार है.

छह विषयों में हुई है सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति

19 राजकीय डिग्री कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीति शास्त्र विषय में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति हुई है. इनमें हिंदी के 32, अंग्रेजी के 27, समाजशास्त्र के 34, इतिहास के 34, अर्थशास्त्र के 36 और राजनीति शास्त्र के 31 सहायक प्राध्यापक शामिल हैं.

राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव की ओर से वेतन आवंटन के लिए पत्र भेजे जाने के बाद इन शिक्षकों में अब जल्द भुगतान होने की उम्मीद जगी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन