मुंगेर में 226 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान, फिर भी सिर्फ 31 जगह प्रसव की सुविधा; सी-सेक्शन लक्ष्य से आगे
मॉडल अस्पताल, मुंगेर. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर जिले में 226 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान होने के बावजूद, सिर्फ 31 केंद्रों पर ही संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, सिजेरियन प्रसव के मामले में स्वास्थ्य विभाग लक्ष्य से आगे है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को अभी भी दूर जाना पड़ता है.
मुंगेर जिले में स्वास्थ्य विभाग संस्थागत प्रसव के लक्ष्य को हासिल करने में लगातार पीछे चल रहा है. जिले में कुल 226 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान संचालित होने के बावजूद गर्भवतियों को सामान्य प्रसव की सुविधा महज 31 संस्थानों में मिल रही है. वहीं सिजेरियन प्रसव के मामले में स्वास्थ्य विभाग का प्रदर्शन लक्ष्य से आगे है. जिले में सिर्फ सदर अस्पताल और दो अनुमंडल अस्पतालों में सी-सेक्शन की सुविधा उपलब्ध है. ऐसे में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवतियों को प्रसव के लिए अब भी प्रखंड या जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ता है.
2025-26 में 41,503 के लक्ष्य के मुकाबले हुए 34,476 संस्थागत प्रसव
वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुंगेर जिले में संस्थागत प्रसव का लक्ष्य 41,503 निर्धारित किया गया था. इसके मुकाबले 31 स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 34,476 गर्भवतियों का संस्थागत प्रसव कराया गया. यानी निर्धारित लक्ष्य की तुलना में प्रसव की संख्या कम रही.
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी स्थिति पूरी तरह सुधरी नहीं है. अप्रैल से अगस्त तक संस्थागत प्रसव का लक्ष्य 8,958 रखा गया था, जबकि इस अवधि में 3,651 गर्भवतियों का ही संस्थागत प्रसव कराया गया.
सी-सेक्शन में लक्ष्य से आगे स्वास्थ्य विभाग
संस्थागत प्रसव के मुकाबले सिजेरियन प्रसव की स्थिति अलग है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में सी-सेक्शन का लक्ष्य 2,088 निर्धारित किया गया था. इसके विरुद्ध सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 2,394 सिजेरियन प्रसव कराये गये. इस तरह विभाग निर्धारित लक्ष्य से आगे रहा.
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी सी-सेक्शन का आंकड़ा लक्ष्य से अधिक है. अप्रैल से अगस्त के बीच 348 सिजेरियन प्रसव का लक्ष्य था, जबकि अब तक 354 गर्भवतियों का सी-सेक्शन किया जा चुका है.
226 सरकारी संस्थानों में सिर्फ 31 जगह सामान्य प्रसव
मुंगेर जिला मुख्यालय सहित नौ प्रखंडों में कुल 226 सरकारी स्वास्थ्य संस्थान संचालित हैं. इनमें 194 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, 21 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आठ शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और छह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं. इसके अलावा सदर अस्पताल तथा तारापुर अनुमंडल अस्पताल भी सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था का हिस्सा हैं.
इन 226 संस्थानों में से सिर्फ 31 केंद्रों पर गर्भवतियों के संस्थागत यानी सामान्य प्रसव की सुविधा उपलब्ध है. इनमें 17 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आठ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं.
सिर्फ तीन अस्पतालों में सी-सेक्शन की सुविधा
जिले में सिजेरियन प्रसव की सुविधा सदर अस्पताल के अलावा हवेली खड़गपुर और तारापुर अनुमंडल अस्पताल में उपलब्ध है. इसका मतलब है कि गंभीर या सिजेरियन प्रसव की जरूरत वाली गर्भवतियों को इन सीमित अस्पतालों तक पहुंचना पड़ता है.
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा को लोगों के घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में बड़ी संख्या में सरकारी स्वास्थ्य संस्थान संचालित किये जा रहे हैं. इन संस्थानों के संचालन पर सरकार हर महीने बड़ी राशि खर्च करती है. इसके बावजूद प्रसव जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सीमित केंद्रों तक ही उपलब्ध होने से ग्रामीण गर्भवतियों के लिए दूरी और समय की चुनौती बनी हुई है.
सुरक्षित मातृत्व के लक्ष्य के बीच सुविधा बढ़ाने की जरूरत
सरकार की ओर से गर्भवतियों को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने और मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं. ऐसे में जिले के 226 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में से सिर्फ 31 पर प्रसव की सुविधा उपलब्ध होना स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है.
प्रसव की सुविधा बढ़ायी जा रही : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव की सुविधा बढ़ायी जा रही है. जहां वर्तमान में सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं, वहां प्रसव की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है.
आंकड़ों पर एक नजर
| विवरण | 2025-26 | 2026-27 अप्रैल-अगस्त |
| संस्थागत प्रसव का लक्ष्य | 41,503 | 8,958 |
| संस्थागत प्रसव | 34,476 | 3,651 |
| सी-सेक्शन का लक्ष्य | 2,088 | 348 |
| सी-सेक्शन | 2,394 | 354 |
| सामान्य प्रसव की सुविधा वाले संस्थान | 31 | 31 |
| सी-सेक्शन की सुविधा | 3 अस्पताल | 3 अस्पताल |
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए