बेलदौर नगर पंचायत की बदहाल व्यवस्था पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
नगर पंचायत के स्थानीय बस्ती में सड़क पर जमा पानी सेफ्टी टंकी से निकाल रहे नगर प्रशासन कर्मी। | Prabhat Khabar Network
बेलदौर नगर पंचायत की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, बाईपास सड़क और जर्जर बिजली तारों को हटाने की मांग की।
बेलदौर (खगड़िया) . नगर पंचायत बेलदौर की मूलभूत समस्याओं और प्रशासनिक उदासीनता से नाराज दर्जनों ग्रामीणों ने गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को पांच सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंप अविलंब समस्याओं के समाधान करवाये जाने की मांग की है. ज्ञापन की प्रतिलिपि खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा एवं जिलाधिकारी को भी भेजी गई है. ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि सरकार के "न्याय के साथ विकास" के दावों के बावजूद स्थानीय स्तर पर विकास कार्य ठप पड़े हैं. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र की उदासीनता तथा कथित कमीशनखोरी के कारण आम लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
जाम से निजात दिलाने के लिए अविलंब बाईपास सड़क निर्माण की मांग की ग्रामीणों ने बेलदौर बाजार में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए अविलंब बाईपास सड़क निर्माण की मांग की. साथ ही फुटकर दुकानदारों के लिए अस्थायी हाट स्थल विकसित करने की मांग उठाई, ताकि सड़कों पर अतिक्रमण कम हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.
बिजल तार तत्काल बदलने की उठाई मांग ज्ञापन में बेलदौर बाजार के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के जर्जर बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त अथवा स्थानांतरित करने की मांग भी की गई. ग्रामीणों ने कहा कि जर्जर तार कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. इसके अलावा एफसीआई गोदाम से रुक्मणी गुप्त कन्या उच्च विद्यालय तक पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की गई. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ के कारण छात्राओं एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ज्ञापन सौंपने में कई ग्रामीण रहे शामिल ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी मिथिलेश कुमार ''मिट्ठू'', आजाद कुमार, अर्जुन शर्मा, सावित्री देवी, रामविलास सिंह, नीरज कुमार, रंजीत कुमार, रमेश कुमार, गुड्डू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










