दहेज में बाइक नहीं मिलने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, शव जलाने का प्रयास; पति फरार, जांच में जुटी पुलिस
थाने में शिकायत करने पहुंचे पीड़िता के परिजन. | Prabhat Khabar Network
बिहार के महेशखूंट में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की हत्या कर शव जलाने का गंभीर मामला सामने आया है. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
महेशखूंट थाना क्षेत्र के पकरैल लेवा गांव में दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता की हत्या कर शव जलाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए महेशखूंट थाना में आवेदन दिया है. मृतका की बहन संजो देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में कई लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. घटना के बाद से मृतका का पति फरार बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
शादी के बाद से बाइक की मांग का आरोप
मृतका की बहन के अनुसार पकरैल लेवा गांव निवासी ब्रिजलाल पासवान के पुत्र विकास पासवान के साथ मौसम कुमारी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी. मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से बाइक की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. परिजनों का कहना है कि लगातार दहेज की मांग से वह परेशान थी.
16 अगस्त की रात हुई थी बातचीत
मृतका की बहन ने बताया कि बीते 16 अगस्त की रात मौसम कुमारी से मोबाइल पर बातचीत हुई थी. बातचीत के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से मायके वालों को फोन कर उसकी मौत की सूचना दी गई. परिजनों का आरोप है कि जब तक वे ससुराल पहुंचे, तब तक विवाहिता के शव को जला दिया गया था.
हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप
मायके वालों ने आरोप लगाया है कि विवाहिता की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी लगाने का प्रयास किया गया. इसके बाद शव को जला दिया गया. आवेदन में राजीव कुमार पासवान, अभिनंदन कुमार, छोटू कुमार और ब्रिजलाल पासवान समेत कई लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है. परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
डेढ़ साल में उजड़ गयी जिंदगी
विवाहिता की शादी को अभी डेढ़ वर्ष ही हुए थे. उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में कोहराम मच गया. परिजनों ने कहा कि दहेज में बाइक की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ना की जा रही थी. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, मृतका का पति विकास पासवान घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
महेशखूंट थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









