मानसी के रेलवे मैदान में आज महिला फुटबॉल का महा मुकाबला,वेस्ट बंगाल से भिड़ेगी महिला हीरोज क्लब
सांकेतिक तस्वीर
Khagaria Women Football Match: मानसी में आज फुटबॉल का रोमांच चरम पर. वेस्ट बंगाल की टीम और महिला हीरोज क्लब के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला.
मानसी (खगड़िया) से सतीश कुमार की रिपोर्ट.
Khagaria Women Football Match: खगड़िया जिले के मानसी स्थित ऐतिहासिक रेलवे मैदान में शुक्रवार, 27 जून को महिला फुटबॉल का रोमांच चरम पर रहेगा. एक दिवसीय मिथलेश प्रसाद सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत वेस्ट बंगाल की महिला फुटबॉल टीम और महिला हीरोज क्लब मानसी के बीच जोरदार मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान पहुंचने की संभावना है.
ऐतिहासिक रेलवे मैदान में दिखेगा महिला फुटबॉल का दम
मानसी का ऐतिहासिक रेलवे मैदान एक बार फिर खेल प्रेमियों के उत्साह का केंद्र बनने जा रहा है. महिला हीरोज क्लब मानसी की ओर से आयोजित इस एक दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट में स्थानीय टीम का मुकाबला वेस्ट बंगाल की मजबूत महिला टीम से होगा.
आयोजकों का कहना है कि यह मुकाबला न केवल खेल के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्र में महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है.
ग्रामीण विकास मंत्री करेंगे टूर्नामेंट का उद्घाटन
महिला हीरोज क्लब मानसी के अध्यक्ष सुमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार करेंगे. उद्घाटन समारोह में मंत्री दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करेंगे. मुकाबला शुक्रवार अपराह्न तीन बजे से खेला जाएगा.
महिला खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
आयोजकों के अनुसार इस तरह के खेल आयोजन से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है. साथ ही क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है. स्थानीय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
Khagaria Women Football Match: खेल प्रेमियों से मैदान पहुंचने की अपील
महिला हीरोज क्लब के अध्यक्ष सुमित कुमार सिंह ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में ऐतिहासिक रेलवे मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.
इस मौके पर हीरोज क्लब के सचिव शंकर कुमार सिंह, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमीर पासवान सहित कई कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









