सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर लगाया गया एचपीवी गार्डासिल वैक्सीन

विगत शनिवार को प्रधानमंत्री ने पूरे देश में इसकी नयी वैक्सीन गार्डासिल का शुभारंभ किया
गोगरी. ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के कारण महिलाओं में सर्वाधिक होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी में गार्डासिल वैक्सिनेशन कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश द्वारा विधिवत टीका लगाकर किया गया. जहां उनके साथ प्रबंधक रूपक कुमार भी मौजूद थे. इस दौरान गार्डासिल की पहली वैक्सीनेशन एक किशोरी को लगाने के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने प्रमाण पत्र भी दिया. प्रभारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पूरे देश में बिहार पहला ऐसा राज्य है, जहां इसका टीका दिया जा रहा था. हालांकि पहले 9 से 14 आयु वर्ग की किशोरियों को सरवावैक वैक्सीन की दो डोज दी जा रही थी, लेकिन विगत शनिवार को प्रधानमंत्री ने पूरे देश में इसकी नयी वैक्सीन गार्डासिल का शुभारंभ किया. उन्होंने बताया कि इस वैक्सीन की केवल एक डोज उन किशोरियों को दी जानी है, जिनकी आयु 14 वर्ष से अधिक और 15 वर्ष से कम है. इसके बाद प्रभारी ने किशोरियों के परिजनों को वैक्सीन के महत्व की जानकारी दी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर चंद्रप्रकाश ने टीका के बाद किशोरी को चॉकलेट के साथ प्रमाण पत्र भी दिया. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आधा दर्जन किशोरियों को गार्डासिल वैक्सीन दी गयी. वैक्सीनेशन को लेकर रेस्ट रूम को भी तैयार रखा गया था, जहां वैक्सीनेशन के बाद किशोरियों को आधे घंटे तक चिकित्सकों के निगरानी में रखा गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




