सीमा सड़क संगठन में कार्य के दौरान मजदूर की मौत, जिला प्रशासन ने सौंपा 10 लाख का चेक

मृतक की मां
खगड़िया के परबत्ता प्रखंड के कोरचक्का गांव निवासी बीआरओ मजदूर राजहंस कुमार की सिक्किम में मौत के एक साल बाद उसकी मां को सहायता राशि मिली है. जिला प्रशासन ने केंद्र सरकार की ग्रुप बीमा योजना के तहत आश्रित मां को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा.
परबत्ता (खगड़िया) से पलटु झा की रिपोर्ट. प्रखंड अंतर्गत सौढ़ उत्तरी पंचायत के कोरचक्का गांव के एक पीड़ित परिवार को प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बड़ी आर्थिक सहायता मिली है. सीमा सड़क संगठन (BRO) में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले मजदूर राजहंस कुमार की मां को जिला प्रशासन की ओर से 10 लाख रुपये का सहायता चेक सौंपा गया. जिला प्रशासन की तरफ से यह राशि मृतक की आश्रित मां रेणु देवी को प्रदान की गई.
सिक्किम में हादसे के दौरान हुई थी मौत
मिली जानकारी के अनुसार, कोरचक्का गांव निवासी राजहंस कुमार (पिता: स्वर्गीय बहादुर सिंह) भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन सीमा सड़क संगठन (BRO) में मजदूर के रूप में कार्यरत थे. करीब एक वर्ष पूर्व सिक्किम के मंगन जिले में ड्यूटी के दौरान एक दर्दनाक हादसे में उनकी मौत हो गई थी. राजहंस की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और परिवार के सामने आर्थिक संकट गहरा गया था.
ग्रुप बीमा योजना के तहत स्वीकृत हुई राशि
मजदूर की मौत के बाद केंद्र सरकार की ग्रुप बीमा योजना के तहत उनके परिजनों के लिए 10 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई थी. हालांकि, इसके भुगतान के लिए लंबी प्रशासनिक और विभागीय कागजी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंगलवार को आखिरकार मृतक की मां रेणु देवी को सहायता राशि का चेक आधिकारिक रूप से सौंप दिया गया.
मुखिया व ग्रामीणों ने जताया आभार
चेक वितरण के मौके पर सौढ़ उत्तरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमेश कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष की लंबी और जटिल प्रक्रिया के बाद जिला प्रशासन द्वारा यह सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने इसके लिए भारत सरकार, सीमा सड़क संगठन (BRO) और खगड़िया जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस राशि से बेसहारा हो चुके पीड़ित परिवार को जीवन यापन में काफी सहारा मिलेगा. स्थानीय ग्रामीणों ने भी सरकार और प्रशासन की इस संवेदनशीलता और पहल की सराहना की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By दिव्यांशु प्रशांत
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










