करेंट लगने से शिक्षक अभ्यर्थी की मौत, घर में पसरा मातम
Updated at : 22 Jan 2026 9:48 PM (IST)
विज्ञापन

करेंट लगने से शिक्षक अभ्यर्थी की मौत, घर में पसरा मातम
विज्ञापन
गौछारी गांव में जर्जर बिजली पोल की चपेट में आया अभिषेक, सरस्वती पूजा की छुट्टी में पटना से आया था घर
खगड़िया. महेशखूंट थाना क्षेत्र के गौछारी गांव में गुरुवार की सुबह बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण एक होनहार युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान गया प्रसाद सिंह के 27 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. घटना उस समय हुई जब अभिषेक अपने निर्माणाधीन मकान को देखने गया था, जहां वर्षों से बेकार पड़े एक जर्जर लोहे के बिजली खंभे में प्रवाहित करंट की चपेट में वह आ गया.रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे अभिषेक घर के पास बन रहे नए मकान को देखने निकला था. वहां लगे जर्जर पोल के संपर्क में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया. स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर परिजन उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अभिषेक अपने परिवार का बड़ा बेटा था. उसकी बहन बिहार पुलिस में सिपाही है, जबकि छोटा भाई भी पढ़ाई कर रहा है.पटना में रहकर कर रहा था शिक्षक भर्ती की तैयारी
अभिषेक एक मेधावी छात्र था और पटना में रहकर बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) की तैयारी कर रहा था. वह महीनों बाद सरस्वती पूजा की छुट्टियों में दो दिन पहले ही गांव आया था. उसके दोस्तों ने बताया कि वह बेहद मेहनती था और उसका सपना शिक्षक बनकर देश की सेवा करना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.बिजली विभाग की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
सामाजिक कार्यकर्ता नागेंद्र सिंह ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि कई बार विभाग से इस जर्जर पोल को हटाने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी. उन्होंने जिलाधिकारी से लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.सरपंच ने बंधाया ढांढस, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही गौछारी के सरपंच परमानंद चौरसिया मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी. इधर, महेशखूंट थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खगड़िया सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




