फलका में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; चालक फरार

घटना स्थल पर जुटी भीड़ व पूलिस | Prabhat Khabar Network
कटिहार के फलका में स्टेट हाईवे-77 पर एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
Road Accident: कटिहार के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगाकोल गांव के समीप स्टेट हाईवे-77 पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान रंगाकोल गांव निवासी ग्नोरी शर्मा, पिता छेदी शर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्नोरी शर्मा सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
ग्रामीणों की भीड़ से कुछ देर बाधित रहा यातायात
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए. सड़क पर शव पड़े रहने के कारण स्टेट हाईवे-77 पर कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा. सूचना मिलने पर फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच जारी है और जल्द ही आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.
दो साल पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Road Accident: ग्रामीणों के अनुसार ग्नोरी शर्मा की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी. उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अली अहमद
अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










