भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे बिनोद मिर्धा की समर्थकों के साथ घर वापसी

सोमवार को पहले छठ के दिन अचानक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के वाहनों का काफिला फलका हाट समीप मुखिया अनिता गुप्ता के घर आ पहुंचा.
फलका. सोमवार को पहले छठ के दिन अचानक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के वाहनों का काफिला फलका हाट समीप मुखिया अनिता गुप्ता के घर आ पहुंचा. जहां पहले से भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पिरमोकाम पंचायत के मुखिया सह कोढ़ा विधानसभा से उम्मीदवार विनोद मिर्धा अपने त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधि साथी और समर्थकों के साथ मौजूद थे. इस दौरान हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नेतृत्व सारे गिले-शिकवे दूर कर लिया गया. बैठक के बाद यहां बागी उम्मीदवार बिनोद मिर्धा ने बगावत खत्म करते हुए वर्तमान अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कोढ़ा के भाजपा विधायक कविता पासवान को समर्थन देने का ऐलान कर दिया. बागी उम्मीदवार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विनोद मिर्धा के नॉमिनेशन के बाद से ही भाजपा उम्मीदवार कविता पासवान की राह कठिन हो रही थी, लेकिन अब खुद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कोढ़ा पहुंचकर इस मामले को सुलझाते हुए भाजपा के लिए डैमेज कंट्रोल का काम कर दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल बागी विनोद मिर्धा और निवर्तमान विधायक कविता पासवान की मौजूदगी में अब कोढ़ा विधानसभा के लिए ऑल इज वेल होने की बात कर रहे हैं. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का वादा है कि चुनाव के बाद मैं विनोद मिर्धा के लिए कुछ ऐसा करुंगा कि कोढ़ा विधानसभा के लोगों को एक नहीं बल्कि दो-दो विधायक महसूस होंगे. उन्होंने आगे कहा कि जंगल राज न लौटे, इसलिए हमारे पांडव गठबंधन पूरी मजबूती से चुनावी मैदान में है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह तो समय पर अपना सीट भी बंटवारा नहीं कर पाये. इस दौरान उनके साथ नरेश साह क्षेत्रीय प्रभारी, प्रफुल्ल रंजन वर्मा जिला प्रभारी, प्रदीप वर्मा राज्यसभा सांसद, मनोज सिंह पूर्णिया जिला अध्यक्ष, मनोज राय जिला अध्यक्ष, रामनाथ पांडेय जिला महामंत्री, अरविंद दास जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष और भाजपा नेता बलराम साह, संजय झा,जिला परिषद गायत्री देवी, प्रमुख दीपशिखा सिंह, मुखिया भारती कुमारी, अनिता गुप्ता, राजेश रंजन, अमित गुप्ता, मनोज मंडल, अध्यक्ष परमानंद शर्मा, अनुज मंडल, पिंटू मनोज मंडल, शुभम कुमार आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




