ईद के दिन ममता बनर्जी का विवादित बयान- पीएम मोदी को कहा सबसे बड़ा घुसपैठिया, शुभेंदु ने किया पलटवार

PM Modi Biggest Infiltrator: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को ईद के मौके पर एक बड़ा विवादित बयान दे दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा घुसपैठिया करार दे दिया. एसआईआर के मुद्दे पर भी भाजपा और केंद्र सरकार को जमकर लताड़ लगायी. शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के इस बयान पर पलटवार किया. पढ़ें किसने क्या कहा.
Table of Contents
PM Modi Biggest Infiltrator: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को एक विवादित बयान दे दिया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा घुसपैठिया कह दिया. इस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को संवैधानिक पद पर बैठने का अधिकार नहीं.
ममता बनर्जी ने रेड रोड पर नमाजियों को किया संबोधित
ममता बनर्जी ने कोलकाता के रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद नमाजियों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के माध्यम से लोगों के ‘मतदान का अधिकार छीनने’ का आरोप लगाया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘सबसे बड़ा घुसपैठ’ करने वाला करार दिया. तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लोकतांत्रिक अधिकारों और बंगाल के सामाजिक ताने-बाने की रक्षा की लड़ाई करार दिया.
ममता बोलीं- SIR पर कोलकाता से दिल्ली तक लड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को चुनौती देने के लिए उन्होंने कोलकाता से लेकर दिल्ली तक की अदालतों में लड़ाई लड़ी है. तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर के कारण वैध मतदाताओं के नाम हटा दिये गये हैं, खासकर अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों से.
ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने
आप फिर नाम हटाने और लोगों को घुसपैठिया करार देने की बात करते हैं. मैं कहूंगी कि आप और आपकी सरकार सबसे बड़ी घुसपैठ करने वाले हैं.
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
जो भी देश के प्रधानमंत्री को घुसपैठिया कहता है, वह संवैधानिक पद पर रहने के योग्य नहीं है. उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. उन्हें तुरंत रांची जाना चाहिए.
शुभेंदु अधिकारी, नेता प्रतिपक्ष, पश्चिम बंगाल
घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना
ममता ने मोदी और भाजपा द्वारा सीमावर्ती राज्य में घुसपैठ के बार-बार लगाये जा रहे आरोपों को लेकर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा- आप फिर नाम हटाने और लोगों को घुसपैठिया करार देने की बात करते हैं. मैं कहूंगी कि आप और आपकी सरकार सबसे बड़ी घुसपैठ करने वाले हैं.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बंगाल में घुसपैठ भाजपा का प्रमुख चुनावी मुद्दा
बंगाल में घुसपैठ भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दों में से एक है. केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के नेता बार-बार तृणमूल सरकार पर अपने अल्पसंख्यक वोट बैंक को मजबूत करने के लिए पड़ोसी बांग्लादेश से घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहे हैं.
ममता बोलीं- बंगाल में अघोषित राष्ट्रपति शासन लगा दिया
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य में ‘अघोषित राष्ट्रपति शासन’ लागू कर दिया है. उन्होंने कहा, ‘आपने हमारी सरकार पर कब्जा कर लिया है और अनौपचारिक राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया है. लेकिन हम डरेंगे नहीं.’
जब आप विदेश जाते हैं, तो नेताओं से हाथ मिलाते हैं और मित्रता की बातें करते हैं. यह आपकी पसंद है. मैं सभी देशों का सम्मान करती हूं. लेकिन जब आप भारत लौटते हैं, तो अचानक हिंदू-मुस्लिम विवाद शुरू हो जाता है, और लोगों को घुसपैठिया कहा जाने लगता है.
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
चुनावी साल में राजनीतिक मंच बन जाता है ईद समागम
रेड रोड पर होने वाला वार्षिक ईद समागम पूर्वी भारत के इस प्रकार के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है. इसे चुनावी वर्ष में अक्सर राजनीतिक मंच के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, जिससे दलों को राज्य के बड़े मुस्लिम मतदाता वर्ग तक पहुंचने का अवसर मिलता है. यह वर्ग राज्य की आबादी का करीब 30 प्रतिशत है.
बंगाल को निशाना बनाने वालों को TMC सुप्रीमो की चेतावनी
ममता ने राज्य को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने का प्रयास करने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी दी. कहा कि जो लोग बंगाल को निशाना बना रहे हैं और लोगों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें नरक में भेज दिया जायेगा. तृणमूल सुप्रीमो ने भाजपा पर निशाना साधते हुए नारा दिया- भाजपा हटाओ, देश बचाओ.
गर्दन कट जायेगा पर झुकेगा नहीं – अभिषेक बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने नमाजियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के संदेश को दोहराया कि बंगाल की सामाजिक सद्भाव की रक्षा की जायेगी. डायमंड हार्बर के सांसद ने आक्रामक लहजे में कहा- गर्दन कट जायेगा पर झुकेगा नहीं.
ममता बनर्जी को तुरंत रांची जाना चाहिए – शुभेंदु अधिकारी
भाजपा ने ममता बनर्जी की इस टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने उन पर संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया. भाजपा विधायक और राज्य विधानसभा में विरोधी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा- जो कोई भी देश के प्रधानमंत्री को घुसपैठिया कहता है, वह संवैधानिक पद पर रहने के योग्य नहीं है. मुझे लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है. उन्हें तुरंत रांची जाना चाहिए.
भाजपा ने मुख्यमंत्री के आरोपों को किया खारिज
भाजपा ने मतदाता सूची के एसआईआर के संबंध में तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को भी खारिज कर दिया. पार्टी ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा यह प्रक्रिया मतदाताओं के नाम के दोहराव को समाप्त करने और अपात्र लोगों को हटाने के लिए की जा रही है. राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे. मतगणना 4 मई को होगी.
इसे भी पढ़ें
तृणमूल के संरक्षण और सिंडिकेट राज के चलते बंगाल में बढ़ रही घुसपैठ, मालदा में बोले पीएम मोदी
ममता ने पूछा- घुसपैठिये सिर्फ बंगाल में हैं तो पहलगाम और दिल्ली में हमला कैसे हुआ?
बंगाल के रास्ते घुसपैठ करने वाले बांग्लादेशियों को झारखंड में सरकार ने दिया संरक्षण : गौरव वल्लभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




