तीन केंद्र एक ही परिसर में संचालित, दो केंद्रों में सेविका अनुपस्थित

तीन केंद्र एक ही परिसर में संचालित, दो केंद्रों में सेविका अनुपस्थित
– सहायिका के परिजन संभाल रहे जिम्मेदारी कोढ़ा बाहरखाल पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बाहरखाल प्रांगण में संचालित तीन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति बेहद चिंताजनक है. यहां बच्चों के पोषण, शिक्षा और देखभाल से जुड़ी योजनाएं पूरी तरह से कागजों तक सिमटती नजर आ रही है. विद्यालय परिसर में एक ही स्थान पर तीन आंगनबाड़ी केंद्र केंद्र संख्या 242 (अनूपलाल महतो टोला), केंद्र संख्या 245 (बाहरखाल महादलित टोला) तथा एक अन्य केंद्र संचालित हो रहे हैं लेकिन जमीनी हकीकत इन केंद्रों की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल रही है. केंद्र संख्या 242 में न तो सेविका मौजूद थी और न ही सहायिका. यह केंद्र सहायिका की पुत्री के द्वारा संचालित होते मिला. केंद्र पर न बच्चे उपस्थित थे और न ही किसी प्रकार का पोषाहार उपलब्ध था. केंद्र संख्या 245 की स्थिति भी कुछ अलग नहीं दिखी. यहां सेविका अनुपस्थित मिली और केंद्र केवल सहायिका के भरोसे चल रहा था. सहायिका ने बताया कि केंद्र में बच्चों को सिर्फ बिस्कुट के सहारे रखा जाता है. सरकार की ओर से नाश्ता और भोजन की स्पष्ट व्यवस्था है. तीसरे केंद्र में सेविका अनीता देवी उपस्थित मिलीं लेकिन उन्होंने भी स्वीकार किया कि सहायिका का पद रिक्त है. संचालन प्रभावित हो रहा है. सबसे गंभीर बात यह रही कि केंद्र संख्या 242 और 245 में सुबह 10 से 11 बजे के बीच ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई, जो नियमों के विपरीत है. इन केंद्रों में न तो बच्चों को निर्धारित नाश्ता मिल रहा है और न ही भोजन, पोशाक और पोषण तत्वों का भी कोई अता-पता नहीं है. आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के मासूम बच्चों के साथ इस तरह की लापरवाही उनके भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है. सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं जमीनी स्तर पर किस तरह दम तोड़ रही हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




