आजमनगर में अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की उठी मांग, डीएम ने दिया भरोसा

कटिहार डीएम आशुतोष द्विवेदी
कटिहार जिले के आजमनगर में अवैध नर्सिंग होम और निजी अस्पतालों के संचालन पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बेहतर इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूलने और योग्य चिकित्सकों की अनुपस्थिति का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से विशेष जांच टीम गठित कर कार्रवाई की मांग की है.
कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड में कथित रूप से संचालित अवैध नर्सिंग होम और निजी अस्पतालों को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई निजी नर्सिंग होम बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं. इससे मरीजों को आर्थिक और चिकित्सकीय दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आजमनगर, सालमारी, बारसोई समेत आसपास के क्षेत्रों में कई निजी अस्पतालों में बेहतर इलाज का भरोसा देकर मरीजों को भर्ती कराया जाता है. आरोप है कि इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है और कई जगहों पर योग्य चिकित्सकों की नियमित मौजूदगी भी नहीं रहती. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
जांच के आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों के अनुसार समाहरणालय, कटिहार ने 22 अप्रैल 2026 को जारी पत्र (ज्ञापांक-1136) के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित कथित अवैध नर्सिंग होम की जांच कराने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद आजमनगर क्षेत्र में अब तक जांच नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
ग्रामीणों ने की छापेमारी की मांग
स्थानीय लोगों ने नवनियुक्त जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से मांग की है कि एक विशेष जांच टीम गठित कर आजमनगर क्षेत्र के सभी निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों की वैधता, पंजीकरण तथा चिकित्सा व्यवस्था की जांच कराई जाए. उनका कहना है कि दोषी पाए जाने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
बारसोई के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार तथा आजमनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार ने दूरभाष पर बताया कि क्षेत्र के नर्सिंग होम की जांच अभी नहीं हो सकी है, लेकिन जल्द ही जांच की जाएगी.
वहीं, कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि आजमनगर में संचालित नर्सिंग होम की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By नदीम अख्तर
नदीम अख्तर को पत्रकारिता में छह वर्षों का अनुभव है. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2020 से लगातार कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










