82 लाख से हो रहा बुधोलमनी पोखर का सौंदर्यीकरण
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 20 May 2026 7:10 PM
82 लाख से हो रहा बुधोलमनी पोखर का सौंदर्यीकरण
– लाखों की मिट्टी चोरी, ग्रामीणों ने की विभागीय अधिकारी से जांच की मांग आजमनगर प्रखंड क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत बुधोलमनी पोखर में 82 लाख से अधिक की राशि से सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है. जहां एक ओर सरकारी स्तर पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर इस कार्य में अनियमितताओं एवं मिट्टी चोरी का मामला प्रकाश आया है. पोखर में मिट्टी कार्य आउटलेट एवं इनलेट निर्माण का कार्य चल रहा है. लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य में पारदर्शिता का अभाव है. बड़े पैमाने पर मिट्टी की चोरी की जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत निकाली जा रही मिट्टी को नियमानुसार उपयोग में लाने के बजाय ठेकेदारों द्वारा उसे बाहर बेच दिया जा रहा है. इससे न केवल सरकारी राजस्व की क्षति हो रही है बल्कि योजना की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो पोखर का समुचित विकास संभव नहीं हो पायेगा. यह योजना केवल कागज पर ही बनकर रह जायेगी. इस योजना के अंतर्गत कुल 82 लाख 85 हजार रुपये से अधिक की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गई है. इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद कार्य की निगरानी सही तरीके से नहीं की जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं. जिससे ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं. यह कार्य मां शीतला इंटरप्राइजेज नामक एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है. जो कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल कटिहार के अधीन है. बावजूद इसके कार्य स्थल पर किसी प्रकार की सूचना पट्ट या पारदर्शिता संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं की गई है. जिससे आमलोगों को योजना की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं मिल पा रही है. ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश पनपने लगा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए. कहते हैं एसडीओ बारसोई एसडीओ राजू कुमार ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए कहा कि उक्त मामले में लगातार शिकायत मिल रही है. जल्द ही जांच की जायेगी. जांच के उपरांत दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी कार्रवाई अवश्य होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










