रहमानपुर डबल मर्डर केस: घटना के 24 घंटे बाद भी गांव में तनाव बरकरार

रहमानपुर डबल मर्डर केस: घटना के 24 घंटे बाद भी गांव में तनाव बरकरार
– घटना स्थल पर एतिहात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल अब भी तैनात – फॉरेंसिक जांच तेज, डीएसपी बोले दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई – साइकिल टक्कर से शुरू विवाद ने लिया था हिंसक रूप बारसोई बारसोई प्रखंड के सुधानी थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. सोमवार को तीन सदस्यीय फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन का कार्य किया. घटना के 24 घंटे बाद भी गांव में तनाव और दहशत का माहौल कायम है. जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती अब भी जारी है. जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम एक मामूली साइकिल टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया था. आरोप है कि इस दौरान साजिद उर्फ सुकरूदीन एवं उसके परिजनों ने 15 वर्षीय किशोर खुशनवाज की पिटाई कर दी. जिससे उसकी मौत हो गई थी. किशोर की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क उठा. गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपित साजिद उर्फ सुकरूदीन को पकड़ लिया और उसे बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला. इस घटना में कुछ ही घंटों के भीतर दो लोगों की मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सोमवार को पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. टीम पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. ताकि घटना की सटीक परिस्थिति स्पष्ट हो सके. इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) अजय कुमार ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा, घटना में शामिल सभी दोषियों की पहचान की जा रही है. किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जायेगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. डीएसपी ने यह भी बताया कि भीड़ द्वारा कानून को हाथ में लेना अत्यंत चिंताजनक है. इस पहलू पर भी अलग से कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने आमलोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की. गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती जारी है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




