आरपीएफ की कार्रवाई में 15 किलो गांजा, 185 शराब की बोतलें और सात मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपी.
कटिहार रेल मंडल में आरपीएफ ने नशीले पदार्थों और चोरी के मोबाइल के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया। सात नाबालिग बच्चों को भी रेस्क्यू किया गया।
कटिहार . रेल यात्रियों की सुरक्षा और गैर-कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कटिहार रेल मंडल सहित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के विभिन्न रेल मंडलों में विशेष अभियान चलाया. इस दौरान आरपीएफ ने सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी), आबकारी विभाग, बाल कल्याण अधिकारियों और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की.
15 किलो से अधिक गांजा और 185 शराब की बोतलें बरामद
अभियान के दौरान आरपीएफ की टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों से लगभग 7.60 लाख रुपये मूल्य का 15 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया. वहीं अलग-अलग मामलों में ट्रेनों और रेलवे परिसरों से 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य की 185 शराब की बोतलें भी जब्त की गईं. इन मामलों में आरोपियों को पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंपा गया.
सात चोरी के मोबाइल भी हुए बरामद
मोबाइल चोरी के मामलों के खिलाफ चलाए गए अभियान में आरपीएफ ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान करीब 1.07 लाख रुपये मूल्य के सात मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद मोबाइल और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए सरकारी रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया.
सात नाबालिग बच्चों का किया रेस्क्यू
आरपीएफ ने अपनी मानवीय पहल के तहत एनएफ रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. बाद में उन्हें पुनर्वास एवं देखभाल के लिए संबंधित बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया.
बीमार बुजुर्ग यात्री को पहुंचाई मदद
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर मिले एक बीमार बुजुर्ग यात्री को भी आरपीएफ ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई. उनकी पहचान के बाद प्राथमिक उपचार के लिए रेलवे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया और बाद में रेलवे एम्बुलेंस से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. साथ ही उनके परिजनों को भी तत्काल सूचना दी गई. आरपीएफ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और सुरक्षित यात्रा वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
ALSO READ : पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, कोढ़ा पुलिस ने संदिग्ध युवक को किया गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










