पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, कोढ़ा पुलिस ने संदिग्ध युवक को किया गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
गिरफ्तारी के बाद रोती-बिलखती मां व बहन.

गिरफ्तारी के बाद रोती-बिलखती मां व बहन.

कोढ़ा पुलिस ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक को पकड़ा है. सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क में था युवक, पुलिस कर रही पूछताछ. अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद.

विज्ञापन

कोढ़ा (कटिहार) से अमीर सोहेल की रिपोर्ट

जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक मो अहद को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपित से कड़ाई से पूछताछ कर रही है. पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि पाकिस्तान से उसका किस प्रकार का तार जुड़ा था. किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में ताे नहीं था.

सोशल मीडिया के जरिये था संपर्क

कोढ़ा थाना कांड संख्या 228/26, दिनांक 13-07-2026 के तहत बीएनएस 2023 की धारा 152, 113(3), 353, 353(1) (बी) व आईटी एक्ट की धारा 66(एफ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मूसापुर निवासी मो अहद, पिता मो आलम के रूप में हुई है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान आधारित कुख्यात गैंगस्टर राना हुनैन उर्फ राना हुसैन के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है. वह उनके संपर्क में रहकर किसी बड़ी आपराधिक व आतंकवादी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था. जांच में सामने आया कि अभियुक्त कई संदिग्ध आईडी के जरिए गैंगस्टर नेटवर्क से संवाद स्थापित कर रहा था और उनके निर्देशों के अनुसार गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी में था. आशंका जतायी जा रही है कि वह क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने या किसी संवेदनशील स्थान को निशाना बनाने की योजना में शामिल था.

तकनीकी आधार पर हुई गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर अभियुक्त को उसके निवास स्थान मूसापुर से गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है. बरामद मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कर उसके संपर्कों और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कई अहम सुराग मिले हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहे हैं. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विस्तृत जानकारी साझा करने से बच रही है. आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है. उसके अन्य सहयोगियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस पूरे ऑपरेशन में कोढ़ा थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई विवेक विक्रम, एसआई गोपाल कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है. पुलिस ने आमलोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. फिलहाल अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं.

ALSO READ : सड़क जाम मामले में 14 नामजद समेत 40-50 अज्ञात पर प्राथमिकी, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई


विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन