कटिहार में 23 मई से शुरू होगी डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश परीक्षा: 19 केंद्रों पर जिला प्रशासन मुस्तैद, जूता पहनकर आने पर पाबंदी
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 21 May 2026 2:30 PM
आदर्श हाई स्कूल
बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) के निर्देशानुसार कटिहार शहर में 23 और 24 मई 2026 को डिप्लोमा-सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित होने जा रही है. इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के प्रतिष्ठित पॉलिटेक्निक संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों के पैरा मेडिकल पाठ्यक्रमों में छात्रों को दाखिला मिलेगा. कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है.
डीएम और एसपी ने जारी किया संयुक्त आदेश, 19 केंद्रों पर सुरक्षा सख्त
जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा एक महत्वपूर्ण संयुक्त आदेश जारी किया गया है. आदेश के मुताबिक, कटिहार शहर के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों (मैजिस्ट्रेट) और पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके साथ ही परीक्षा के दौरान पैनी नजर रखने के लिए विशेष गश्ती दल और उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वाड) टीम का गठन किया गया है, जो लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगी.
वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई कमान, एकल पाली में होगी परीक्षा
इस पूरी परीक्षा प्रक्रिया के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अपर समाहर्ता (ADM) बिनोद कुमार व यातायात पुलिस उपाधीक्षक (DSP Traffic) सद्दाम हुसैन को वरीय नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया है. केंद्रों से प्राप्त सूची के अनुसार, शनिवार (23 मई) को पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग (PE) के लिए एकल पाली (सिंगल शिफ्ट) में परीक्षा का आयोजन होगा. इसके अगले दिन यानी रविवार (24 मई) को भी सभी 19 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में ही परीक्षा ली जाएगी, जिसमें हजारों परीक्षार्थी शामिल होंगे.
प्रवेश के लिए समय सीमा तय, 10:45 के बाद नो एंट्री
संयुक्त आदेश में परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग टाइमिंग और नियमों को बेहद सख्त किया गया है:
- प्रवेश का समय: 23 मई को अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय सुबह 08:00 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित है.
- गेट बंद होने का समय: सुबह 10:30 बजे केंद्रों का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा. यदि कोई अभ्यर्थी किसी वैध कारण से थोड़ा विलंब होता है, तो प्रतिनियुक्त अधिकारी जांच के बाद ही अनुमति देंगे.
- अंतिम समय: सुबह 10:45 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी छात्र को केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
ड्रेस कोड और जरूरी दस्तावेज: चप्पल पहनकर आना अनिवार्य
परीक्षा भवन में प्रवेश के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं. परीक्षार्थी अपने साथ केवल अपना एडमिट कार्ड, 10वीं का फोटोयुक्त एडमिट कार्ड या स्कूल का आधिकारिक आई कार्ड और केवल नीला व काला बॉल पॉइंट पेन ही ले जा सकेंगे. धोखाधड़ी और कदाचार रोकने के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है. अभ्यर्थियों को केवल चप्पल और आधी बाजू (हाफ स्लीव्स) की कमीज, टी-शर्ट या कुर्ती पहनकर ही केंद्र पर आना होगा. जूते पहनकर आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र परिसर में किसी भी हाल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
शहर के इन 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा
कटिहार शहरी क्षेत्र में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों की सूची इस प्रकार है: एमबीटीए इस्लामियां उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्लस टू आदर्श हाई स्कूल न्यू कॉलोनी, सूर तुलसी इंटर कॉलेज, उमा देवी मिश्रा बालिका उच्च विद्यालय, स्कॉटिश पब्लिक स्कूल बरमसिया, सीमांचल माइनॉरिटी बीएड कॉलेज, हरिशंकर नायक प्लस टू हाई स्कूल मिरचाईबाड़ी, प्लस टू उच्च विद्यालय बीएमपी सात, प्लस टू गांधी हाई स्कूल न्यू कॉलोनी, सीताराम चमरिया इंटर कॉलेज, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाईअड्डा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी तीनगछिया, जयमाला शिक्षा निकेतन हृदयगंज, चिल्ड्रेन्स हैप्पी होम रोजिदपुर, माहेश्वरी एकेडमी, एएएम चिल्ड्रन एकेडमी फसिया टोला, मेरी इमाकुलेट बरमसिया, मारवाड़ी पाठशाला बड़ा बाजार और मिडिल स्कूल मिरचाईबाड़ी शामिल हैं.
कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन नंबर जारी
किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, शिकायत या सूचना के त्वरित आदान-प्रदान के लिए समाहारणालय (कलेक्टर ऑफिस) परिसर में एक जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है. प्रशासन द्वारा इसके लिए तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:
- 06452-239025
- 06452-242400
- 06452-239026
नियंत्रण कक्ष में प्रत्येक पाली में ट्रेंड कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इस पूरे कंट्रोल रूम के वरीय प्रभार में जिला कला संस्कृति पदाधिकारी रीना गुप्ता एवं पुलिस पदाधिकारी के रूप में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जिला समादेष्टा गौतम कुमार को तैनात किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










