दादपुर चौक पर ट्रक व ऑटो की टक्कर में एक की मौत, दूसरा घायल

कोढ़ा थाना क्षेत्र का दादपुर चौक के पास मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 48 वर्षीय प्रमोद महतो की मौके पर ही मौत हो गयी
कोढ़ा.
कोढ़ा थाना क्षेत्र का दादपुर चौक के पास मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 48 वर्षीय प्रमोद महतो की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे में ऑटो चालक चंदन कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मृतक प्रमोद महतो कोढ़ा नगर पंचायत वार्ड-5 के रहने वाले थे. घायल चालक चंदन कुमार बसगढा पंचायत का निवासी है. हादसे के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गयी और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया. थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.दो हफ्ते में दूसरा हादसा, लोगों में आक्रोश
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषी ट्रक चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. दादपुर चौक लगातार हादसों का ””ब्लैक स्पॉट” बनता जा रहा है. दो हफ्ते पहले ही यहां बस और पिकअप की टक्कर में कई लोगों की जान गयी थी. 15 दिन के अंदर दूसरा बड़ा हादसा होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. ग्रामीणों का आरोप है कि चौक पर न ट्रैफिक पुलिस तैनात है, न स्पीड ब्रेकर और न ही सिग्नल की व्यवस्था. बेलगाम रफ्तार से दौड़ते भारी वाहन आए दिन किसी न किसी की जान ले रहे हैं. लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और पुलिस गश्ती की व्यवस्था नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










