प्रधानाध्यापकों का एकदिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 14 May 2026 6:52 PM
प्रधानाध्यापकों का एकदिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
फलका प्रखंड में एफएलएन कार्यक्रम को लेकर प्रखंड सभागार में एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. अध्यक्षता प्रभारी बीईओ सन्नी सौरव ने किया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में एफएलएन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना था. कार्यक्रम में प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक शामिल हुए. प्रशिक्षण को दो पालियों में आयोजित किया गया. पहली पाली में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा दूसरी पाली में मध्य विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये. प्रशिक्षण सत्र में प्रथम संस्था के बीआरपी राहुल कुमार मानव ने एफएलएन कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी. उन्होंने विद्यालयों में वर्षभर की कार्य योजना, बच्चों के सीखने के स्तर का मूल्यांकन, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति तथा कक्षा संचालन की प्रभावी तकनीकों पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि शुरुआती कक्षाओं में भाषा एवं गणित की मजबूत नींव तैयार करना ही एफएलएन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश देते हुए कहा कि कक्षा 4, 5 एवं 6 के बच्चों का मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाय. प्रत्येक विद्यालय में पहली घंटी भाषा एवं दूसरी घंटी गणित की कक्षा का नियमित संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाय. उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य को रोचक, सहभागितापूर्ण एवं गतिविधि आधारित बनाया जाय. ताकि बच्चे सीखने में अधिक रुचि लें और बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकें. इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय से लेखपाल भावेश कुमार, अमित कुमार, रितिक कुमार सहित प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










