कटिहार में नाग पंचमी को लेकर बढ़ी आस्था, डुमरिया के विषहरी मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
फोटो- डुमरिया विषहरी मंदिर, | Prabhat Khabar Network
नाग पंचमी और बिहुला विषहरी पूजा के मद्देनजर कटिहार के डुमरिया गांव में आस्था का माहौल चरम पर है. सौ वर्ष पुराने विषहरी माता मंदिर में पूजा की भव्य तैयारियां चल रही हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु मन्नत मांगने पहुंचते हैं. सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के साथ एक भव्य मेले का भी आयोजन किया जाएगा.
कटिहार, कुरसेला. क्षेत्र में नाग पंचमी और बिहुला विषहरी पूजा को लेकर आस्था और भक्ति का माहौल चरम पर है. श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुटे हैं और झांप-पिटारा, धान का लावा, मिष्ठान सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं. कुरसेला क्षेत्र में नाग पंचमी विषहरी पूजा प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है. डुमरिया गांव स्थित सौ वर्ष से अधिक पुराने विषहरी माता मंदिर में पूजा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
डुमरिया के विषहरी मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
डुमरिया गांव स्थित प्रसिद्ध विषहरा माता मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक है. नाग पंचमी के दिन यहां सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचकर माता को झांप-पिटारा, दूध, लावा और मिष्ठान का चढ़ावा चढ़ाते हैं. मनोकामना पूर्ण होने पर कई श्रद्धालु परंपरा के अनुसार बकरे की बलि भी देते हैं. नाग पंचमी के मौके पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है.
दो दिन पहले से शुरू हो जाती है पूजा की तैयारी
नाग पंचमी पूजा को लेकर श्रद्धालु दो दिन पहले से ही तैयारियों में जुट जाते हैं. घरों में पूजन सामग्री की व्यवस्था करने के साथ लोग मंदिर में चढ़ावे के लिए आवश्यक सामान खरीदते हैं. क्षेत्र में पूजा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिल रहा है.
मंदिर परिसर में लगेगा भव्य मेला
नाग पंचमी के अवसर पर विषहरी मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया जाता है. मेले में मिष्ठान सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजती हैं. श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए भी कई तरह के साधन उपलब्ध कराये जाते हैं. मंदिर परिसर में दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं.
सुरक्षा के लिए स्वयंसेवकों की होगी तैनाती
पूजा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं. मंदिर और मेला परिसर के आसपास समिति के स्वयंसेवकों की तैनाती की जायेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
दूर-दराज से पहुंचते हैं श्रद्धालु
डुमरिया के विषहरी मंदिर में कुरसेला क्षेत्र के अलावा पूर्णिया, भागलपुर, मधेपुरा और सहरसा सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों की मान्यता है कि सच्चे मन से विषहरी माता की पूजा करने से सर्पदंश का भय दूर होता है. इसी आस्था के कारण हर वर्ष नाग पंचमी पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
नाग पंचमी पूजा के अवसर पर डुमरिया के विषहरा मंदिर में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते हैं. पूजा को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. मेला स्थल पर विभिन्न प्रकार की दुकानें भी तैयार हो चुकी हैं. नाग पंचमी को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजीत ठाकुर
अजीत ठाकुर प्रिंट माध्यम में 28 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुरसेला (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










