पुश्तैनी जमीन बेचने का विरोध करने पर युवक पर लाठी-सरिया से जानलेवा हमला, सदर अस्पताल में भर्ती

विज्ञापन

सदर अस्पताल में इलाजरत। | Prabhat Khabar Network

कटिहार के बेरिया गांव में पुश्तैनी जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में काम करने वाले एक युवक पर चचेरे भाइयों ने जमीन बेचने का विरोध करने पर जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन

कटिहार जिले के अहमदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरिया गांव में पुश्तैनी जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में काम करने वाले एक युवक को अपनी ही पुश्तैनी जमीन बेचने का विरोध करना भारी पड़ गया. आरोप है कि चचेरे भाइयों ने युवक पर लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

गैरमौजूदगी में बेच दी पिता के हिस्से की जमीन

घायल युवक की पहचान बेरिया गांव निवासी कन्हैया यादव के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाजरत कन्हैया ने बताया कि उसके पिता स्वर्गीय खग्गी यादव कुल चार भाई थे.

चारों भाइयों के बीच चार बीघा पुश्तैनी जमीन थी, जिसमें से तीन भाइयों ने अपने हिस्से की जमीन पहले ही बेच दी थी. केवल कन्हैया के पिता के हिस्से की जमीन बची हुई थी. कन्हैया रोजी-रोटी कमाने के लिए दिल्ली में मजदूरी करता है. आरोप है कि करीब एक साल पहले बड़े पिता के लड़कों ने कन्हैया की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसके पिता के हिस्से की बची जमीन को भी धोखाधड़ी से बेच दिया.

कोर्ट में चल रहा था मामला, बात करने पर हुआ हमला

जमीन बिकने की जानकारी मिलते ही कन्हैया दिल्ली से गांव लौटा और उसने इस फर्जीवाड़े के खिलाफ न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई. यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है.

शनिवार को कन्हैया ने अपने चचेरे भाई मिट्ठू यादव और अरुण यादव से जमीन बेचने का कारण पूछा और विवाद का जल्द निपटारा करने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आक्रोशित चचेरे भाइयों ने लाठी-डंडों व लोहे की सरिया से कन्हैया पर जानलेवा हमला बोल दिया.

प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर

हमले में कन्हैया यादव बुरी तरह जख्मी हो गया. चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने उसे आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है.


विज्ञापन
राणा प्रताप सिंह

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन