सुहागिन महिलाएं श्रद्धा व आस्था के साथ वट सावित्री व्रत करेंगी

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 15 May 2026 6:27 PM

विज्ञापन

सुहागिन महिलाएं श्रद्धा व आस्था के साथ वट सावित्री व्रत करेंगी

विज्ञापन

कटिहार पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर शनिवार को जिले भर में सुहागिन महिलाएं श्रद्धा व आस्था के साथ वट सावित्री व्रत करेंगी. पर्व को लेकर शुक्रवार को शहर के बाजार में महिलाओं की काफी भीड़ रही. महिलाएं पूजा सामग्री, साड़ी, श्रृंगार का सामान, फल, मिठाई, बांस की डलिया, धागा तथा बरगद पूजन से जुड़े अन्य सामानों की खरीदारी में जुटी रही. शहर के शिव मंदिर चौक, न्यू मार्केट, मिरचाईबाड़ी में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही. वट सावित्री पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है. कई महिलाओं ने बताया कि यह पर्व भारतीय संस्कृति व पति-पत्नी के अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लेकर पतिव्रता धर्म की मिसाल पेश की थी. तभी से सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-शांति की कामना करती हैं. पूजा के दौरान महिलाएं बरगद के पेड़ की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधती हैं. सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण करती हैं. इस वर्ष वट सावित्री व्रत शनिवार को मनाया जायेगा. वट सावित्री पूजन में फलों के दामों में अच्छा खासा वृद्धि देखने को मिला. लीची 400 रुपया सौ, आम 50 से 70 रुपए किलो, अमरूद 120 रुपया किलो, सेब 150 रुपया किलो, केला 50 से 60 रुपया दर्जन, नारियल 40 से 50 रुपया पीस, अंगूर 250 रुपया किलो, नारंगी 130 रुपया किलो और सबसे अहम बांस के बने पंखे शुक्रवार को दाम बढ़कर 50 रुपया पीस बाजार में बिके.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन