सम्राट मंत्रिमंडल: कटिहार को फिर नहीं मिली मंत्रिमंडल में जगह

सम्राट मंत्रिमंडल: कटिहार को फिर नहीं मिली मंत्रिमंडल में जगह
– लोगों के उम्मीदों को लगा झटका कटिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले मंत्रियों ने गुरुवार को शपथ ली है. नवंबर 2025 में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार सत्ता में लौटी थी. कटिहार जिले के भी सात सीट में से छह सीट एनडीए के खाते में गयी है. बावजूद इसके नये मंत्रिमंडल में कटिहार जिला कोई जगह नहीं मिली. नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के बाद जब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने. तब यह कयास लगाया जा रहा था कि जब मंत्रिमंडल का विस्तार होगा तो कटिहार के किसी विधायक को मंत्रिमंडल में जरूर शामिल किया जायेगा. पर इस बार भी कटिहार जिले को निराशा ही हाथ लगी है. सम्राट मंत्रिमंडल में एक बार फिर कटिहार ठगा गया है. कटिहार के सियासी तबको में इस बात को लेकर जोर-शोर से चर्चा चल रही है. लंबे समय से कटिहार का प्रतिनिधित्व राज्य मंत्रिमंडल में नहीं है. पर इस बार लोगों को यह उम्मीद जरूर थी कि सम्राट मंत्रिमंडल में कटिहार से कोई न कोई जरूर शामिल होंगे. पर ऐसा नहीं हुआ. दरअसल जब 2020 में चुनाव परिणाम के बाद नीतीश कुमार चौथी बार मुख्यमंत्री बने थे. तब उनके मंत्रिमंडल में कटिहार से सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद को उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला था. कुछ वर्ष बाद नीतीश कुमार पलटी मार कर महागठबंधन में शामिल हो गये. लेकिन फिर जब नीतीश कुमार भाजपा के साथ सरकार बनायी तो तारकिशोर प्रसाद को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली. इसके पूर्व 2010-2015 के नीतीश मंत्रिमंडल में बलरामपुर के तत्कालीन निर्दलीय विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी को श्रम संसाधन मंत्री तथा 2015-2020 के कार्यकाल में प्राणपुर के विधायक बिनोद कुमार सिंह को खान व भूतत्व तथा बाद में विभाग बदलकर अति पिछड़ा कल्याण विभाग के मंत्री बनने का अवसर मिला था यद्यपि सम्राट मंत्रिमंडल में कटिहार को जगह नहीं मिलने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. सियासी तबकों के बीच यह यह भी चर्चा है कि सशक्त नेतृत्व के अभाव की वजह से ही कटिहार को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलती है. कटिहार जिले के सात विधानसभा क्षेत्र में छह पर एनडीए का कब्जा है. इसमें तीन पर भाजपा व दो पर जदयू एवं एक पर लोजपा आर का कब्जा है. कटिहार सदर से तारकिशोर प्रसाद लगातार पांचवीं बार से भाजपा कोटे से विधायक है. जबकि प्राणपुर व कोढ़ा से क्रमशः निशा सिंह व कविता पासवान तथा बरारी से विजय सिंह क्रमशः भाजपा व जदयू से लगातार बार दूसरी बार विधायक चुने गये. कदवा से पूर्व सांसद दुलाल चंद्र गोस्वामी व बलरामपुर से लोजपा आर से संगीता देवी ने क्रमशः कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ शकील अहमद खान व भाकपा माले विधायक दल के नेता को करारी शिकस्त देकर इस बार जीत हासिल की थी. उसके बावजूद एनडीए के किसी विधायक को सम्राट मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलना कटिहार जिले की उपेक्षा को परिलक्षित करता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










