कोढ़ा में विवाहिता की हत्या में पति सहित सास व ससुर गिरफ्तार

कोढ़ा में विवाहिता की हत्या में पति सहित सास व ससुर गिरफ्तार
कोढ़ा कोढ़ा थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. मधेपुरा जिले के फुलौत थाना क्षेत्र स्थित सपनी गांव निवासी देवेन्द्र मेहता 60 वर्ष ने कोढ़ा थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री संगीता कुमारी की शादी वर्ष 2023 में कोढ़ा थाना क्षेत्र के महिनाथपुर निवासी सूरज कुमार से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. पीड़ित पिता के अनुसार, कुछ माह पूर्व 40 हजार नकद व एक सोने का लॉकेट भी दिया बावजूद प्रताड़ना नहीं रुकी. 24 अप्रैल को मृतका ने की थी आखिरी कॉल 24 अप्रैल 2026 को संगीता कुमारी ने पिता को फोन कर मारपीट और जान से मारने की धमकी की जानकारी दी. अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया. जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गयी. 25 अप्रैल को परिजनों को सूचना मिली कि संगीता की मौत हो चुकी है. जब वे ससुराल पहुंचे तो उसके गले पर स्पष्ट निशान देखे गये. जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जतायी गयी. पिता ने सीधे तौर पर पति, सास, ससुर और देवर पर हत्या का आरोप लगाया. पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा थाना में कांड संख्या-121/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-टू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी. टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. जिसमें पति सूरज कुमार, ससुर टुनटुन सिंह, सास साखो देवी शामिल हैं. सभी आरोपित महिनाथपुर पिपरा टोला, थाना कोढ़ा के निवासी हैं. पुलिस ने कहा, आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




